महावीर जयंती पर महावीर उद्यान का शुभारंभ, निकली प्रभात रैली
रेवाड़ी। श्रीदिगंबर जैन समाज की ओर से महावीर जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर सुबह प्रभात फेरी निकाली गई, वहीं नगर के सभी मंदिरों में पूजा अर्चना की गई। सरकुलर रोड स्थित जैन पब्लिक स्कूल में महावीर उद्यान का शुभारंभ किया गया । रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
भैरव चौक के निकट मुहल्ला मंढई स्थित जैन बड़ा मंदिर से प्रभात फेरी निकाली गई। फेरी जैनपुरी व विभिन्न बाजारों व गलियों से होती हुई भगवान महावीर के संदेश-जिओ और जीने दो - पर चलने का आह्वान किया गया। इस मौके पर बड़ा मंदिर, जैनपुरी स्थित जैन मंदिर, नसिया जी मंदिर आदि में पूजा अर्चना की गई। मॉडल टाउन स्थित जैन मंदिर में भगवान महावीर के जन्म कल्याणक अवसर पर विशेष पूजा अर्चना की गई। सरकुलर रोड स्थित जैन पब्लिक स्कूल में भगवान महावीर उद्यान का शुभारंभ अरुण कुमार पुत्र अमरचंद जैन ने किया। समाज के लोगों ने उद्यान में लगे संदेशों तथा वहाँ लगे फव्वारों का आनंद लिया। दोपहर को प्राचीन जैन बड़ा मंदिर में समाज की महिलाओं ने भगवान महावीर के जन्मोत्सव पर भजन कीर्तन का आयोजन किया। जिसमें भाव भक्ति व संगीत के साथ महिलाओं ने नृत्य किया। इस मौके पर भगवान महावीर के भव्य पालने को आकांक्षा जैन ने तैयार किया और फिर सभी महिलाओं ने बारी-बारी से पालने का झुलाया। इस मौके पर रानी जैन, शारदा जैन, कमलेश जैन, कनक जैन, सीमा जैन, प्रीति जैन, आशा जैन, जैन स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान पीके जैन, उप प्रधान प्रदीप जैन, प्रबंधक शशांक जैन, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र जैन, शिक्षाविद संदीप जैन, मुकेश जैन बबलू, राकेश जैन, हेमराज जैन, शैलेश जैन समेत महावीर जयंती समिति के अनेक लोग उपस्थित थे।