छात्राओं को दी कानूनी संरचना की जानकारी
खोल। क्षेत्र के गांव पाली स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय परिसर में वीरवार को कानूनी जागरूकता से संबंधित एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में मुख्य वक्ता नारनौल के मुख्यदंडाधिकारी विवेक यादव ने कहा कि अपने को अपितु समाज को भी कानूनी साक्षर करने का बीड़ा उठाएं। उन्होंने बताया कि अधिकार रक्षा व न्याय प्राप्ति को एक महंगा संसाधन माना जाता है, जिसके कारण केवल 3 प्रतिशत जनसंख्या ही कानून का दरवाजा खटखटाती है। जबकि ऐसे बहुत से प्रावधान हैं जो महिलाओं, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, बच्चों व अशक्तों से किसी भी प्रकार की कोई भी फीस न लेकर मदद किया जाता है। उन्होंने नई मुहिम-शादी से पूर्व परिचर्चा- को छात्राओं को समझाते हुए इसे वैवाहिक जीवन के लिए काफी अहम बताया। कार्यक्रम में कॉलेज की प्राचार्या साधना रानी ने छात्राओं से मुख्यातिथि द्वारा कही गई सभी बातों को अपने जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में संयोजक सचिव डॉ. सत्यवीर यादव ने मुख्य वक्ता जज विवेक यादव का कार्यक्रम में पहुंचने पर धन्यवाद किया। इस मौके पर डॉ. स्वाति यादव, डॉ. सुनीता, नीलू किशनानी, प्रमोद कुमार, सुजान सिंह, अश्विनी कुमार, डॉ. शिवानी व ऋतु रानी सहित अन्य कई स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे।