संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार इजाफा होता जा रहा है। जिले में सोमवार को 14 नए संक्रमित मिले हैं। इसके साथ 12 संक्रमित ठीक भी हुए हैं। इससे पहले रविवार को कोरोना संक्रमण के 10 नए मामले सामने आए थे। इसके साथ जिले में कोरोना संक्रमण के सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 41 हो गई। स्वास्थ्य विशेषज्ञ आमजन को अपने स्वास्थ्य के साथ दूसरों का भी ख्याल रखते हुए एहतियात बरतने की सलाह दे रहे हैं। सोमवार को कुल 229 कोविड सैंपल लिए गए। इनमें से 221 की रिपोर्ट लंबित है। सोमवार को आए संक्रमितों में रेवाड़ी शहर से 5, मीरपुर व नाहड़ से तीन-तीन, बावल से दो व गुरावड़ा क्षेत्र से एक मामला शामिल हैं।
कोरोनारोधी टीकों की उपलब्धता को लेकर कोई मैसेज नहीं
जिले में 31 मार्च को वैक्सीन खत्म होने के बाद से अब तक टीकाकरण को लेकर निदेशालय की ओर से कोई भी मैसेज नहीं आया है। लोग कोरोनारोधी टीकाकरण कराने के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचने लगे हैं। लंबे समय समय से टीके उपलब्ध नहीं होने के कारण टीकाकरण नहीं हो पा रहा है। विभाग के अधिकारियों के पास इस संबंध में उच्च अधिकारियों की ओर से किसी प्रकार का संदेश नहीं आया है कि कब तक टीके उपलब्ध होंगे।
सामान्यजन के लिए जा रहे सैंपल
नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों के सैंपल लिए जाने शुरू कर दिए हैं। इनमें ज्यादातर बुखार, खांसी, जुकाम, टीबी, निमोनिया, सांस के मरीजों के कोविड सैंपल लिए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि सामान्य जन के कोविड सैंपल नहीं लिए जा रहे हैं। मरीज में लक्षण पाए जाने पर सैंपलिंग होगी।