फोटो : 10आरोपी, सतीश प्रकाश इंगले। स्रोत : पुलिस
रेवाड़ी। साइबर थाना रेवाड़ी पुलिस ने कंपनी में निवेश के नाम पर साइबर ठगी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान महाराष्ट्र के अकोला के सिद्धार्थ नगर हाल आबाद पवन पार्क सोसाइटी न्यू तापडिया नगर निवासी सतीश प्रकाश इंगले के रूप में हुई है।
सतीश प्रकाश इंगले के बैंक खाते में ठगी की 14 लाख रुपये की रकम ट्रांसफर हुई थी। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस द्वारा इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी।
एसपी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 3 जुलाई को सेक्टर-3 निवासी विजय कुमार गुप्ता ने अपनी शिकायत में बताया था कि वह एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। सोशल मीडिया पर पैसे निवेश करने का विज्ञापन देखने के बाद 15 मई को उसे एक व्हाट्सएप नंबर मिला था।
इसके बाद व्हाट्सएप पर एक महिला से बातचीत होनी शुरू हो गई। महिला ने अपना नाम सरोज गुप्ता बताते हुए खुद को एसबीआई सिक्योरिटी की इन्वेस्टमेंट एडवाइजर बताया था। इन्वेस्टमेंट के लाभ के बारे में जानकारी देने के बाद महिला ने उसके पास एक लिंक भेजा था। उसने अपनी पत्नी सुनीता गुप्ता के बैंक खाते से 18 ट्रांजेक्शन के जरिए विभिन्न खाता नंबरों पर कुल 93 लाख 20 हजार 870 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उसने पैसा रिफंड कराने का प्रयास किया तो उससे और पैसा जमा कराने के लिए कहा गया। इसके बाद उसे ठगी का पता चला। पुलिस ने साइबर थाना में ठगी का मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी। जांच के बाद पुलिस ने सतीश प्रकाश इंगले को गिरफ्तार कर लिया है।