संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में पांच पदों के लिए 14 प्रत्याशियों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। सभी प्रत्याशी अधिवक्ताओं से संपर्क करने के साथ ही सोशल मीडिया पर वोट मांग रहे हैं। मतदान 28 फरवरी को होगा। बार एसोसिएशन ने पुलिस अधीक्षक से चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था करने का आग्रह किया है।
जिला बार में 1876 अधिवक्ता मतदाता हैं। सभी प्रत्याशी मतदाताओं से संपर्क साध रहे हैं। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में प्रधान पद के लिए चार प्रत्याशी मैदान में हैं। सभी प्रत्याशी मतदाताओं से संपर्क साधने के लिए स्मार्ट फोन का इस्तेमाल कर रहे हैं। इतना ही नहीं प्रत्याशियों के समर्थक भी लगातार मैसेज भेज कर नए-नए वादे एवं पुरानी कार्यकारिणी की कार्यशैली को प्रश्न चिह्न लगाते हुए अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। पांच पदों पर जोर आजमाइश कर रहे 14 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 28 फरवरी को होगा।
निर्वाचन टीम के अधिकारी अश्विनी कुमार तिवारी, सतीश डागर, चौधरी चरण सिंह, शमशेर सिंह यादव, नरेश यादव एवं चंदन सिंह यादव ने बताया कि चुनाव की लगभग तैयारी पूरी कर दी गई है। ईवीएम से चुनाव कराए जाएंगे। मतदान के लिए तीन बूथ केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक बूथ केंद्र पर 600 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदाताओं के लिए कुछ दिशा निर्देश जारी किए गए हैं, जिसके तहत बिना पहचान पत्र के मतदान नहीं करने दिया जाएगा। मतदान केंद्र पर मोबाइल एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का प्रतिबंध है। चुनाव में वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
प्रधान पद के लिए गजराज सिंह, शमशेर यादव, सुजान सिंह, विश्वामित्र यादव तथा उप प्रधान पद के लिए सत्यपाल वशिष्ठ, सुमन यादव, विजय यादव व सचिव पद के लिए मनोज कुमार, रमेश कुमार, सुखराम, सह सचिव पद के लिए मोनू कुमार, सपना और कोषाध्यक्ष पद के लिए चिराग शर्मा व रोहित यादव आमने-सामने हैं।