संवाद न्यूज एजेंसी
धारूहेड़ा। गांव निगानियावास में कुछ युवकों ने घर के अंदर घुसकर एक युवक पर हमला कर उसे घायल कर दिया। आसपास के लोगों ने एक हमलावर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि अन्य भाग निकले।
गांव निगानियावास निवासी कुलानंद ने धारूहेड़ा थाना पुलिस को बताया कि 14 फरवरी को उसकी भतीजी की शादी थी। उसने आरोप लगाया कि शादी समारोह में अंकुर निवासी गांव गराकी ने शराब के नशे में गाली और परिवार को जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने अंकुर को शादी से चले जाने के लिए कहा, जिससे वह नाराज होकर चला गया। 16 फरवरी को जब कुलानंद का लड़का मनेंद घर पर था तो अंकुर और अन्य 15-20 लड़के हॉकी, तेजधार हथियार व लाठी-डंडे लेकर घर में घुस गए और उसके लड़के पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर गांव के लोगों को इकट्ठा होते देख युवक भाग गए, लेकिन लोगों ने अंकुर को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।