अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या आठ पर स्थित बनीपुर चौक के समीप बदमाशों ने एक्सिस बैंक की एटीएम मशीन को उखाड़ कर करीब तीन लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। घटना गत वर्ष अक्टूबर माह की है लेकिन कंपनी की ओर से अब पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस नेे शुक्रवार को मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार बनीपुर चौक पर एक्सिस बैंक की ओर से एटीएम लगाया गया था। कंपनी की देखरेख व चलाने का कार्य हिताची पेमेंट प्रा. लि. की ओर से किया जा रहा था। चार अक्टूबर 2018 को चोरों ने एटीएम तोड़ कर उसमें रखी दो लाख 98 हजार 900 रुपये की नकदी चोरी कर ली थी। उस समय एटीएम से चोरी हुई नकदी के बारे में पता नहीं लग पाया था। कंपनी द्वारा कराई गई जांच में एटीएम से नकदी चोरी होना पाया गया है। शुक्रवार को कंपनी की ओर से अधिकृत कर्मचारी सतबीर सिंह ने कसौला थाना पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।