संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले में बुधवार की रात आई आंधी के दौरान बिजली के 103 खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। 10 ट्रांसफार्मर को नुकसान पहुंचा। 10 से अधिक स्थानों पर पेड़ टूटकर गिर गए। मोहल्ला नालबंदा में पेड़ टूट कर गिर गया। बिजली के खंभे गिरने से धारूहेड़ा खंड के 30 गांवों में बिजली गुल रही। रेवाड़ी शहर में एक घंटे तक बिजली गुल रही। इसके चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जिले में बीती रात अचानक मौसम खराब हो गया। इसके बाद तेज आंधी आई। इस दौरान कई स्थानों पर टिन शेड उड़ गए। बिजली के खंभे गिरने से धारूहेड़ा खंड में करीब 30 गांवों में बिजली गुल हो गई। रेवाड़ी शहर की बिजली 1 घंटे तक बाधित रही।
धारूहेड़ा खंड के विभिन्न गांव में सुबह 10 बजे के बाद ही बिजली व्यवस्था सुचारू हो पाई। मोहल्ला नालबंदा में एक बड़ा पेड़ गिर गया। इस पेड़ गिरने के कारण बिजली की तारों और आसपास के खंभों को नुकसान पहुंचा जिससे बिजली गुल हो गई।
गनीमत रही कि किसी प्रकार का कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। जिले में 10 से अधिक पेड़ गिरे हैं। आंधी तूफान आने की वजह से वीरवार को लोगों को गर्मी से राहत मिली। अधिकतम तापमान में साढ़े 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। पूरे दिन बादलवाही होती रही।
अभी दो-तीन दिन तक मौसम में इसी प्रकार से बदलाव देखने को मिलेगा। उसके बाद फिर से गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखाएंगी।
आगे ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ 23 मई को सक्रिय होने से 23-25 मई के दौरान फिर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। तापमान में उतार चढ़ाव की संभावना है। क्योंकि 24 मई को आंशिक बदलाव देखने को मिलेगा। 25 मई से नौतपा भी शुरू होने जा रहा है, जो 9 दिनों तक चलता है। नौ दिनों तक सम्पूर्ण इलाके में तापमान में बढ़ोतरी होती है। नौतपा के दौरान गर्मी अपने चरम पर रहती है और इस अवधि में सूर्य देव आग उगलते हैं। नौतपा को नवतपा के नाम से भी जाना जाता है।