खुलासा : जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड में पेशी पर आए दो किशोरों को मारने आए थे सीआईए पर फायरिंग करने वाले बदमाश
-पुलिस ने छह युवकों कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। शहर के मॉडल टाउन स्थित जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष वीरवार को हत्या के प्रयास के मामले में पेशी पर दो नाबालिगों पर हमला करने आए बदमाशों ने सीआईए पर फायरिंग करने के दौरान पकड़े जाने के बाद कई खुलासे किए। पूछताछ में पता चला है कि दोनों नाबालिगों से उनकी पुरानी रंजिश है। गिरफ्तार सभी छह बदमाश अपने साथियों के साथ उनकी हत्या की नीयत से आए थे। पुलिस ने शुक्रवार को सभी छह आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है।
शुक्रवार को सीआईए रेवाड़ी थाना में पत्रकारवार्ता में डीएसपी सतपाल ने बताया कि गांव गोकलगढ़ निवासी दो नाबालिग हत्या के प्रयास के मामले में वीरवार को मॉडल टाउन में शिव चौक स्थित जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेशी पर आए थे। एक आरोपी पुलिस कस्टडी में है जबकि दूसरा जमानत पर चल रहा है। दोनों को दोपहर के समय पेश होना था। पुरानी रंजिश के चलते आधा दर्जन बदमाशों ने दोनों पर हमले का प्लान तैयार किया था। बदमाश बाइकों पर सवार होकर शिव चौक पहुंचे थे। इसी दौरान सीआईए इंस्पेक्टर प्रदीप को हमले की सूचना मिली। सीआईए इंचार्ज ने एएसआई इंद्रजीत के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर रवाना की। टीम जैसे ही शिव चौक पर पहुंची तो वहां घात लगाए बैठे बदमाशों ने सीआईए पर फायरिंग कर दी। सीआईए के जवानों ने बचाव करते हुए चार बदमाशों को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दो बदमाशों को कुछ देर बाद काबू किया।
दो माह पहले रेवाड़ी कोर्ट में भी हुई थी फायरिंग की कोशिश
दो माह पहले रेवाड़ी कोर्ट के बाहर राहुल नाम के युवक पर कुछ लोगों ने फायरिंग करने की कोशिश की थी। पुलिस ने पीड़ित राहुल की शिकायत पर दो नाबालिगों के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार किया था। जिनमें से एक जमानत पर था। दोनों की गुरुवार को कोर्ट में पेशी थी। इस बात की जानकारी पीड़ित राहुल के चचेरे भाई प्रवीण को मिल गई। प्रवीण ने साथियों के साथ मिलकर दोनों पर एक साथ हमले का प्लान तैयार किया और सभी शिव चौक पहुंच गए, लेकिन इससे पहले ही पुलिस को इसकी जानकारी मिल गई। सीआईए ने समय रहते आरोपियों को पकड़ लिया।
रिमांड पर लेकर होगी सख्ताई से पूछताछ
डीएसपी सतपाल ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान गोकलगढ़ निवासी अनुज, बेरली खुर्द निवासी शिव कुमार, नरबीर, बोड़िया कमालपुर निवासी योगेंद्र, खलियावास निवासी अजय व बेरली खुर्द निवासी प्रद्युम्न के रूप में हुई है। उनके कब्जे से दो पिस्तौल, एक देसी कट्टा व तीन कारतूस बरामद किए हैं। रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी कि वे हथियारों कहां से लाए। डीएसपी का दावा है कि आरोपियों से और भी वारदातों का खुलासा हो सकता है।