जिले में 4808 अभ्यर्थियों ने दी एचटेट
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित हरियाणा पात्रता परीक्षा (एचटेट) में शनिवार को रेवाड़ी के 25 केंद्रों पर 4808 अभ्यर्थी बैठे। एचटेट लेवल तीन (लेक्चरर) की परीक्षा के लिए 5304 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था और 496 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। साढ़े तीन बजे शुरू हुई परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों पर दो बजे ही एंट्री बंद कर दी गई थी। वहीं सभी अभ्यर्थियों को पूरी जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र में जाने दिया गया। इस दौरान महिला अभ्यर्थियों से जहां गहने तक निकला दिए गए थे। वहीं पुरुष अभ्यर्थियों को अपने वाहनों की चाबी भी परीक्षा केंद्र में नहीं ले जाने दी गई। शिक्षा बोर्ड की ओर से दिए गए निर्देशों के चलते अभ्यर्थियों को दो घंटे 10 मिनट पहले ही एंट्री कराई गई। विभिन्न परीक्षा केंद्रों के बाहर दोपहर 12 बजे से ही भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। ठीक 12.50 बजे सेंटरों के गेट अभ्यर्थियों के लिए खोले गए। इसके बाद इनके प्रवेश पत्र और अन्य की जांच कर परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया।
इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी थी। पुलिस के भी करीब 500 जवान व्यवस्था संभाले थे। नकल रोकने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से सात फ्लाइंग टीम का गठन किया गया। इसके अतिरिक्त चार डीसी फ्लाइंग तथा बोर्ड व डायरेक्टर की फ्लाइंग की अलग से थी। जो विभिन्न सेंटरों पर चक्कर लगा रही थीं। परीक्षा केंद्रों पर 24 बच्चों पर एक टीचर के हिसाब से ड्यूटी लगाई गई।
---
परीक्षा केंद्रों पर लगे जैमर, कंट्रोल रूम था डीईओ कार्यालय
जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगे होने के कारण 200 मीटर की दूरी तक किसी का भी मोबाइल फोन काम नहीं कर रहा था। हर परीक्षा केंद्र पर लैंडलाइन फोन की व्यवस्था गई थी। इसका कंट्रोल रूम जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में बनाया गया, जिसके चलते पूरे दिन कंट्रोल रूप में फोन घनघनाते रहे।
---
एनवक्त पर चस्पा की लिस्ट
शहर के अहीर कॉलेज में बनाए परीक्षा केंद्र पर करीब साढ़े 12 बजे बाहर लिस्ट चस्पा की गई। पहले परीक्षार्थियों को बताया गया था कि लिस्ट अंदर चस्पा की है। लेकिन अभ्यर्थियों के हर परीक्षा केंद्र के बाहर ही लिस्ट चस्पा होने की बात कहने पर आनन-फानन में परीक्षा के बाहर ही रोल नंबर की लिस्ट चस्पा की गई। इस दौरान काफी अभ्यर्थी रोल नंबर को देखने के लिए इधर-उधर दौड़ते दिखे।
---
पेन और प्रवेश पत्र के अलावा हर चीज की मनाही
शिक्षा बोर्ड ने अपने नियमों में अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में दो घंटे 10 मिनट पहले पहुंचने के आदेश दिए थे। परीक्षा केंद्र में घुसते ही अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड की जांच की गई। इसके अतिरिक्त पहले से दी गई एडवाजरी के अनुसार ऑरिजनल आधार कार्ड सहित विभिन्न चीजों की जांच की गई। पेन और प्रवेश पत्र के अतिरिक्त किसी भी सामान को अंदर नहीं ले जाने दिया। अभ्यर्थियों की घड़ी, बेल्ट, चैन, लॉकेट, सिक्के, चाबी आदि को बाहर ही रखवा लिया गया। सर्वाधिक परेशानी महिला अभ्यर्थियों के सामने आई। महिला अभ्यर्थी अपने परिजनों के साथ परीक्षा केंद्र में पहुंचीं। अपने छोटे-छोटे बच्चों को परिजनों को सौंप अंदर परीक्षा देने गईं। इससे पहले परीक्षा केंद्र के बाहर ही मंगलसूत्र के अतिरिक्त किसी प्रकार के आभूषण को बाहर ही निकलवा लिया गया। पुरुष अभ्यर्थियों को अपने वाहनों की चाबी तक ले जाने नहीं दी गई। ऐसे में कई अभ्यर्थी तो इधर-उधर घूमते दिखे।
---
परीक्षा केंद्रों के बाहर से हटवाई रेहड़ियां
धारा 144 लगी होने के कारण सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर से किसी भी तरह की रेहड़ियों सहित अन्य सामान को हटवा दिया गया। सेक्टर 18 स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय के सामने से तो वाहनों का रूट ही बदलवा दिया गया। परीक्षा केंद्रों के अंदर एवं बाहर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था काफी मजबूत थी। वहीं ठीक दो बजते ही परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार को बंद कर दिया। इसके बाद आने वाले अभ्यर्थियों को बाहर ही रोक लिया गया। सर्कुलर रोड स्थित एक परीक्षा केंद्र पर कुछ महिला अभ्यर्थी चंद मिनट देरी से पहुंचे। इस बीच परीक्षा केंद्र का मुख्य दरवाजा बंद कर दिया गया था। काफी मिन्नतों के बाद उन्हें अंदर जाने दिया गया।
---
बसों और ट्रेनों में रही भीड़
शाम साढ़े पांच बजते ही परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र से बाहर निकल आए। एकदम इतनी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के बाहर आने से सड़कों पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे काफी देर तक जाम लगा रहा। अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के बाहर अपने प्रश्नों के बारे में एक-दूसरे से बातचीत करते दिखे। अभ्यर्थियों में कई चेहरों पर खुशी थी तो कुछ के चेहरों पर मायूसी भी छाई रही। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी खासी भीड़ रही।
---
आज दो पारियों में 15 हजार अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती रविवार को होने वाली परीक्षा कराना है। दो पारियों में होने वाली इस परीक्षा में करीब 15 हजार अभ्यर्थी बैठेंगे। इनमें सुबह होने वाली परीक्षा में 7800 और शाम की पारी में 7176 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। ऐसे में शनिवार से भी अधिक इंतजाम रविवार को करने होंगे।
---
परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग संपन्न हो गई। परीक्षा में करीब 10 प्रतिशत छात्र अनुपस्थित रहे। रविवार को होने वाली परीक्षा के लिए भी हमने पूरी तरह से तैयारी कर ली है। किसी भी तरह का नकल का केस सामने नहीं आया।
धर्मवीर बल्डोदिया, जिला शिक्षा अधिकारी, रेवाड़ी