अस्पताल में बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास
- फोटो : सांकेतिक तस्वीर
कोसली थाना पुलिस ने एक निजी अस्पताल में 10 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास मामले में 27 वर्षीय कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी, जो कोसली खंड के एक गांव का निवासी है, उसी अस्पताल में काम करता था, जहां पीड़िता की मां भी कार्यरत है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
10 जून का है मामला
मामला 10 जून 2025 को सामने आया, जब पीड़िता की मां, जो कोसली के एक निजी अस्पताल में कर्मचारी है, ने पुलिस में शिकायत दर्ज की। शिकायत के अनुसार, वह अपनी 10 साल की बेटी को घर पर अकेला न छोड़ने के कारण अस्पताल साथ ले गई थी। सुबह करीब 8 बजे अस्पताल पहुंचने के बाद, बच्ची पहली मंजिल पर खेल रही थी, जबकि उसकी मां नीचे मरीजों की देखभाल में व्यस्त थी। इसी दौरान आरोपी कर्मचारी, जो एक मरीज को दांतों की जांच के लिए पहली मंजिल पर ले गया था, मरीज के वापस लौटने के बाद भी ऊपर रुका रहा।