रेवाड़ी। त्योहारी सीजन में मिठाइयों में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग की टीम ने शुक्रवार को कई स्थानों से दुकानों पर छापा डालकर मिठाइयों के 10 नमूने लिए।
धारूहेड़ा में एक प्रतिष्ठित मिष्ठान भंडार से खोया के दो, बर्फी के 4 और रसगुल्ले के दो नमूने लिए। पाल्हावास और गुरावड़ा में एक-एक खोया और बर्फी के नमूने लिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश वर्मा ने बताया कि सभी सैंपल राज्य प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी सैंपल में मिलावट या मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित दुकानदारों और निर्माताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे मिठाई या डेयरी उत्पाद खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकेजिंग और निर्माण तिथि अवश्य जांचें। उन्होंने बताया कि जांच अभियान पूरे अक्तूबर माह में चलेगा। धारूहेड़ा, बावल, कोसली और रेवाड़ी शहर में जांच अभियान चलाया जाएगा। विभाग की टीम ने 8 अक्तूबर को मिठाई आदि के 12 नमूने लिए थे। इनमें पनीर, खोया, बर्फी, रसगुल्ला और गुलाब जामुन शामिल हैं।
धारूहेड़ा क्षेत्र में 150 किलो पनीर में से सैंपल लिए गए थे। बावल कस्बे में एक मिष्ठान भंडार से मिल्क केक और खोया बर्फी के नमूने लिए गए थे। इसी प्रकार बनीपुर चौक पर मिठाई की दुकानों से खोया, बर्फी और गुलाब जामुन के सैंपल लिए गए थे। टीम ने एक स्थानीय बेकरी से रसगुल्ले का भी सैंपल लिया। वहीं रेवाड़ी शहर में भी निरीक्षण अभियान चलाया गया जहां एक प्रसिद्ध मिष्ठान भंडार से रसगुल्ले और बर्फी के सैंपल लिए गए। टीम ने लगभग 2500 किलो मिठाई के विभिन्न बैचों में से नमूने लिए हैं। संवाद