रेवाड़ी। ठग ने यूपीआई और पिन जेनरेट करने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 1.15 लाख रुपये ठग लिए। शातिर ने खुद को एक्सिस बैंक का अधिकारी बताकर व्यक्ति को अपने जाल में फंसाया है। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यूपी के मैनपुरी निवासी विजय सिंह धारूहेड़ा के बास रोड स्थित शिवनगर में रहते हैं। उन्होंने कुछ समय पहले ही क्रेडिट कार्ड बनवाया था। शनिवार शाम उनके पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को एक्सिस बैंक का अधिकारी बताया और जानकारी दी कि जो क्रेडिट कार्ड उन्होंने बनवाया है, उसका यूपीआई और पिन जेनरेट करना है। इसके लिए उनके मोबाइल पर आया ओटीपी बताना होगा। विजय सिंह उसे बैंक अधिकारी समझकर बातों में आ गए और मोबाइल पर आया ओटीपी उसके साथ शेयर कर लिया।
कुछ देर बाद ही उनके खाते से 45 हजार रुपये कटने का मैसेज मोबाइल पर आया और फिर क्रेडिट कार्ड के जरिए 70 हजार रुपये निकाले गए। दो बार नकदी कट जाने का मैसेज आने पर उसने तुरंत बैंक में संपर्क किया तो पता चला कि उसके साथ ठगी हुई है। इसके बाद विजय ने पुलिस को शिकायत दी। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।