हरियाणा में मौसम के बदलने से लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। राज्य के लगभग सभी जिलों में हुई बारिश से पारा सामान्य से नौ डिग्री तक गिर गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो दिन 31 मई और 1 जून को हरियाणा में कुछ स्थानों पर बारिश, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
दो दिनों तक यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग आगामी ने दोनों दिन के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इससे दो दिन तक फिलहाल गर्मी से राहत रहेगी। इसके बाद 2 से 4 जून तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। वहीं, दोबारा 5 जून को फिर से कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मई के अंतिम दिनों में तापमान में आई इस बड़ी गिरावट से कुछ दिनों तक फिलहाल लू का खतरा टल गया है।
फरीदाबाद रहा सबसे अधिक गर्म
30 मई शनिवार को हरियाणा के कई इलाकों में 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और अधिकतर जिलों में बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक इंद्री में 12.5 एमएम, नारनौल में 11.5, पलवल में 6.5, नूंह में 3.5, जींद में 3.0 एमएम बारिश दर्ज हुई। वहीं, फरीदाबाद में 37.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। अंबाला में 30.8, हिसार में 36.9, करनाल में 34 डिग्री, सिरसा में 34 डिग्री, गुरुग्राम में 33.6, झज्जर में 34.6, नूंह में 34.3 और रोहतक में 35.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
महेंद्रगढ़ रहा सबसे ठंडा
वहीं, न्यूनतम तापमान में भी तीन डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। महेंद्रगढ़ में राज्य का सबसे कम तापमान 20.9 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल अभी कुछ दिनों तक तापमान कम रहेगा और लोगों को गर्मी से निजात मिलेगी।