आरक्षण विरोधी पार्टी कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के सामने सोमवार को धरना-प्रदर्शन किया। लोगों के हाथों में आरक्षण विरोधी स्लोगन लिखी तख्तियां थीं, जिसे लेकर लोगों ने जमकर सरकार विरोधी नारेबाजी की।
धरने और प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के महासचिव दीपक गौड़ ने किया। उन्होंने जिला उपायुक्त को मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि अगर देश से जातिवाद खत्म करना है तो सबसे पहले जातिगत आरक्षण का अंत करना होगा। पार्टी उपाध्यक्ष श्वेता द्विवेदी ने कहा कि गरीबी जाति देखकर नहीं आती।
आरक्षण जाति और धर्म के आधार पर क्यों दिया जा रहा हैं, इसे तुरंत बंद किया जाना चाहिए। मौजूदा जातिगत आरक्षण का लाभ अमीर, नेता, मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी ही पीढ़ी दर पीढ़ी उठा रहे हैं।
पिछले 65 साल से जो समाज शोषित और वंचित है, उसे इसका कोई लाभ नहीं होने दिया गया है। इसलिए शोषित, वंचित और गरीब लोगों को आर्थिक मदद की जरूरत है, न कि आरक्षण की।
पार्टी अध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा कि आरक्षण विरोधी पार्टी की स्थापना देश से जातिगत आरक्षण हटाने, गरीब और जरूरतमंदों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से की गई है, जिससे 28 राज्यों के सदस्य जुडे़ हैं।
इस मौके पर सुखविंद्र सिंह, प्रमेश त्यागी, आनंद मोहन मिश्रा, गोपाल सिंह राणा, प्रताप शर्मा, रत्नेश सिंह, चंद्रभान कौशिक, राजेंद्र प्रसाद शर्मा, संदीप अत्री, रोहित शर्मा व संजय सहाय कुलश्रेष्ठ, राघवेंद्र शुक्ला, केएल कौशिक, योगेन्द्र चौधरी एवं हरीश चंद्र त्रेहन आदि उपस्थित रहे।