गांव भाना की खेल नर्सरी में तैनात बॉक्सिंग कोच पर जानलेवा हमला करने की योजना बना रहे दो बदमाशों को कैथल पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। अलसुबह पूंडरी-नैना रोड पर एंटी एक्सटॉर्शन सेल की टीम और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों को काबू कर उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। आरोपी गांव करोड़ा निवासी टिंकू और अभिषेक है। पुलिस के अनुसार, दोनों रविवार सुबह खेल नर्सरी में पहुंचकर कोच पर हमला करने की फिराक में थे।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि शनिवार रात एंटी एक्सटॉर्शन सेल प्रभारी एएसआई तरसेम कुमार के नेतृत्व में एएसआई राममेहर, एएसआई अनिल कुमार, हेड कांस्टेबल देवेंद्र और सिपाही सुखविंद्र की टीम पूंडरी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बाइक सवार दो संदिग्ध युवक पूंडरी क्षेत्र में किसी व्यक्ति का इंतजार कर रहे हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पूंडरी-नैना रोड पर नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस का दोनों युवकों से आमना-सामना हो गया। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। इसके बाद टीम ने उन्हें काबू कर लिया और उपचार के लिए नागरिक अस्पताल कैथल पहुंचाया।