हरियाणा की शिक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री गीता भुक्कल ने कहा कि बच्चे कच्ची मिट्टी के समान हैं। उनकी जिस प्रकार से परवरिश होगी वे उसी अनुसार ढल जाएंगे।
ऐसे में हमारा दायित्व बनता है कि बच्चों को संस्कारवान बनाते हुए समाज के सभ्य नागरिक के रूप में उनका निर्माण करें।
शिक्षा मंत्री भुक्कल वीरवार को झज्जर के जहां बाग स्टेडियम के इंडोर हाल में जिला बाल कल्याण परिषद् की ओर से आयोजित बाल दिवस समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोल रही थीं।
मुख्यातिथि ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता बच्चों को पुरस्कृत करते बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि आज देशभर में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्मदिवस बाल दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि चाचा नेहरू का बच्चों से विशेष लगाव रहा है और आज प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी बच्चों के प्रति विशेष ध्यान रखते हुए उन्हें हर संभव सुविधाएं प्रदान करने को कृत संकल्प हैं।
सवेरा स्कूल के बच्चों ने मोहा मन
बाल दिवस समारोह में मानसिक रूप से नि:शक्त बच्चों के लिए चल रहे सवेरा स्कूल के बच्चों ने समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति से शिक्षामंत्री गीता भुक्कल का मन मोह लिया।
गीता भुक्कल ने कहा कि मानसिक रूप से नि:शक्त बच्चों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सवेरा स्कूल के माध्यम से की गई पहल निश्चित तौर पर समाज हित में सराहनीय कदम है।
उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे बच्चों की नींव मजबूत करते अपने दायित्व का निर्वहन सही ढंग से करें। उन्होंने सवेरा स्कूल के समस्त स्टाफ सदस्यों को बच्चों की शानदार प्रस्तुति के लिए बधाई का पात्र बताया।
इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आनंद सागर, पं. चिरंजीलाल शर्मा, नपा चेयरमैन ईश्वर शर्मा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सत्यवती नांदल, जिला कार्यक्रम अधिकारी नीना खत्री, जिला बाल कल्याण अधिकारी सुरेखा हुड्डा, कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र मलिक, उप जिला शिक्षा अधिकार सुरेश गौरिया, खंड मौलिक शिक्षा अधिकारी राजेश खन्ना, मुकेश भदानी, सूरजभान जाखड़, सुभाष गुर्जर, सुनील जाखड़, बिजेंद्र रंगा सहित विभिन्न स्कूलों के शिक्षकगण और विद्यार्थी मौजूद रहे।