हरियाणा के जिला फतेहाबाद की अनाज मंडी से ट्रक में धान लेकर निकले चालक ने 250 बोरियां हड़प लीं। पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अनाज मंडी के व्यापारी ओम प्रकाश ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसने घरौंडा की एक फर्म अरोमा एग्रोटेक को धान बेचा था।
धान की डिलिवरी देने के लिए 29 अक्तूबर को एक ट्रांसपोर्टर से ट्रक किराये पर लिया। उसने बताया कि ट्रक में 500 बोरियां धान की लोड करवाकर घरौंडा के लिए रवाना कर दिया।
ट्रक को गांव साधनवास निवासी गुरनाम सिंह चला रहा था। ट्रक जब मिल में पहुंचा तो वहां 250 बोरी धान उतरवा लिया गया, जबकि अन्य 250 बोरी धान को रिजेक्ट कर वापस भेज दिया।
व्यापारी ने पुलिस को बताया कि ट्रक चालक बाकी धान की भरी बोरियां वहां से वापस ले आया, मगर उनके पास नहीं पहुंचा।
उसने आशंका जताई कि चालक ने धान की बोरियाें को कहीं बेच दिया और उसकी रकम हड़प कर ली। इस पर पुलिस ने चालक गुरनाम सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।