संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए आवेदन तेज हो गए हैं। युवा प्रोफेशनल कोर्स के साथ कला संकाय के साथ अपने पिछली कक्षा के आधार पर विषय ले रहे हैं। इनके साथ बीबीए और बीसीए हर संकाय के युवाओं की पसंद बने हुए हैं। इसके साथ युवाओं को मेरिट सूची की प्रतीक्षा होने लगी है।
जिले के 14 कॉलेजों में करीब 15 हजार सीट हैं। उच्च शिक्षा निदेशालय ने पंजीकरण के लिए 31 मई तय की है। इसके अभी पांच दिन बाकी हैं। कॉलेजों में काउंसिलिंग सेल के साथ आवेदन कराने के लिए युवाओं की संख्या बढ़ गई है। शहर के तीनों प्रमुख एडेड कॉलेज एसडी, आर्य व आईबी के साथ देशबंधु गुप्ता कॉलेज में दाखिले की मांग है।
आरती और दीपिका ने बताया कि वे स्नातक में कोर्स और विषय पर फैसला नहीं ले पा रही थी। कॉलेजों में तीन दिन से काउंसिलिंग ले रही थी। वे मंगलवार को अपने विषय को तय कर पाई हैं। उन्हाेंने स्नातक कक्षा में दाखिले के लिए आवेदन कर दिया है। राजेश और रमेश ने बताया कि कॉलेज में दाखिला लेने के लिए विषय के कंबीनेशन नहीं बन पा रहे थे। अब विषय पर आवेदन कर दिया है।
ऐसे कर रहे हैं युवा आवेदन
अधिकांश विद्यार्थी 12वीं कक्षा में पढ़े गए विषयों के आधार पर ही स्नातक में आवेदन कर रहे हैं। कला संकाय के विद्यार्थी इतिहास, राजनीति शास्त्र जैसे विषयों के संयोजन के साथ आवेदन कर रहे हैं, जबकि कुछ बीबीए का चयन भी कर रहे हैं। कॉमर्स संकाय के विद्यार्थी मुख्य रूप से बीकॉम में दाखिला ले रहे हैं, वहीं कुछ बीबीए और बीसीए को प्राथमिकता दे रहे हैं। विज्ञान संकाय के विद्यार्थी मेडिकल और नॉन-मेडिकल विषयों के साथ-साथ बीबीए और बीसीए जैसे प्रोफेशनल कोर्स में भी रुचि दिखा रहे हैं।
आठ जून को जारी होगी सही आवेदनों की सूची
उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने सात मई से ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी थी। विद्यार्थी 31 मई तक आवेदन कर सकेंगे, जबकि एक जून तक आवेदन में संशोधन किया जा सकेगा। दो जून को आपत्तियों सहित सूची जारी होगी। छह जून तक दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन किया जाएगा। आठ जून को सही आवेदनों की सूची प्रकाशित होगी। इसके बाद 10 जून को पहली प्रोविजनल सूची और 11 जून को पहली मेरिट सूची जारी की जाएगी। पहली मेरिट सूची के आधार पर 15 जून तक फीस जमा कराई जा सकेगी। दूसरी मेरिट सूची 16 जून को जारी होगी। सीटें खाली रहने पर तीसरी मेरिट सूची भी प्रकाशित की जाएगी।
वर्जन :
युवा अपने कोर्स और विषय की अनुरूप स्नातक कक्षाओं में आवेदन कर रहे हैं। इस बार प्रोफेशनल कोर्स के साथ आर्ट के विषयों की काफी मांग है। कॉलेज में काउंसिलिंग टीम अभिभावकों व बच्चों को लगातार मार्गदर्शन कर रही है।
डॉ. अनुपम अरोड़ा, प्राचार्य, एसडी पीजी कॉलेज।
वर्जन :
कॉलेज में काउसिंलिंग टीम लगातार मार्गदर्शन कर रही है। युवा अपने मनपसंद विषय और कोर्स में आवेदन कर रहे हैं।
डॉ. सतवीर सिंह, प्राचार्य, आईबी पीजी कॉलेज।
वर्जन :
कॉलेज में युवाओं की काउंसिलिंग और आवेदन कराने के लिए पूरी टीम काम कर रही है। युवाओं अपने लक्ष्य और इच्छा के आधार पर कोर्स और विषय ले रहे हैं।
डॉ. जगदीश गुप्ता, प्राचार्य, आर्य पीजी कॉलेज।