- खंड स्तर पर 8 तक विज्ञान संगोष्ठी का किया जाएगा आयोजन, शेड्यूल जारी
- विद्यार्थियों की वैज्ञानिक जिज्ञासा और रचनात्मकता को मिलेगा बढ़ावा
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। युवा वैज्ञानिक क्वांटम युग की नई राहों की तलाश के लिए विज्ञान संगोष्ठी में भाग लेंगे। जिले में विद्यार्थियों के लिए एक बार फिर वैज्ञानिक जिज्ञासा, विश्लेषणात्मक सोच और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने वाला मंच तैयार हो चुका है। जिले में खंड स्तर पर विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन 4 से 8 अगस्त के दौरान किया जाना है जिसका शेड्यूल जारी किया जा चुका है। सोमवार को इसराना खंड में विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। वहीं, मंगलवार को विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन समालखा में किया जाएगा। जिला स्तर पर विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन 20 अगस्त तक करवाना जरूरी है। जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने इसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को 11 अगस्त तक खंड स्तरीय परिणाम जिला शिक्षा विभाग में उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। खंड स्तर पर प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसके विजेता सितंबर के प्रथम सप्ताह में गुरुग्राम में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 30 अक्तूबर 2025 को विश्वेश्वरैया औद्योगिक एवं प्रौद्योगिकी संग्रहालय बंगलुरू में होगी।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद गुरुग्राम के तत्वाधान में प्रत्येक वर्ष खंड एवं जिला स्तर पर विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष आयोजित होने वाली विज्ञान संगोष्ठी प्रतियोगिता इस बार क्वांटम युग का आगाजः संभावनाएं एवं चुनौतियां विषय पर केंद्रित है। यह आयोजन युवा मस्तिष्कों को विज्ञान की दुनिया में नए आयाम स्थापित करने का अवसर प्रदान करेगा।
खंड स्तर पर विज्ञान संगोष्ठी का शेड्यूल
तिथि खंड
05 अगस्त समालखा
06 अगस्त पानीपत
07 अगस्त मडलौडा
08 अगस्त बापौली
प्रतियोगिता का स्वरूप और नियम
प्रतियोगिता में आठवीं से 10वीं कक्षा तक के सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। प्रत्येक प्रतिभागी को सेमिनार शुरू होने से पहले 20 मिनट की लिखित परीक्षा देनी होगी। प्रतिभागियों को दिए गए विषय पर 5-6 मिनट की प्रस्तुति देनी होगी, जिसके बाद निर्णायक मंडल द्वारा तीन प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनमें से दो का जवाब दो मिनट में देना होगा। प्रस्तुति के दौरान अधिकतम 5 पोस्टर, चार्ट या कंप्यूटर आधारित स्टेटिक स्लाइड्स का उपयोग किया जा सकता है। प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुति के दौरान 3-डी मॉडल, एनीमेशन, पॉपअप रोल ओवर, वीडियो के इस्तेमाल की अनुमति नहीं होगी।
यह रहेगा मूल्यांकन का मानदंड
प्रतियोगिता में 100 अंकों का मूल्यांकन होगा। इसमें वैज्ञानिक विषय-वस्तु 40 अंक, भाषण में प्रवाह 25 अंक, दृश्य सामग्री की नवीनता 15 अंक की होगी। इसके अलावा प्रश्नों का उत्तर देने की क्षमता भी देखी जाएगी। इसके लिए लिखित योग्यता परीक्षण होगा जिसमें 20 प्रश्न 20 मिनट में पूछे जाएंगे और इनके 10 अंक निर्धारित किए गए है। प्रस्तुति के बाद प्रश्न-उत्तर सत्र होगा जिसमें तीन में से दो प्रश्न करने होंगे। इसके 10 अंक रहेंगे।
जिला शिक्षा विभाग की ओर से खंड व जिला स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी के आयोजन का शेड्यूल जारी किया जा चुका है। खंड स्तर पर 8 अगस्त तक संगोष्ठी का आयोजन होगा। सोमवार में इसराना खंड में संगोष्ठी का आयोजन किया गया जो बेहद सफल रही। मंगलवार को समालखा खंड में विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।
- संदीप संभ्रवाल, नोडल अधिकारी एवं जिला विज्ञान विशेषज्ञ