पानीपत। प्रदेश के कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने एक नई योजना को स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत जिला स्तर पर तीन श्रेष्ठ उद्यमियों को ‘उद्यमी अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। इन्हें क्रमश: 10,000 रुपये, 7500 रुपये और 5000 रुपये का नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा।
हरियाणा सरकार ने प्रदेश के युवाओं में उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के मकसद से प्रदेश में स्थित सरकारी और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों से आईटीआई कोर्स पास करने के बाद उद्यमी बनने वाले उम्मीदवारों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। इस योजना का मकसद हरियाणा राज्य की आईटीआई संस्थानों से पास युवाओं को नौकरी तलाशने की अपेक्षा अपना रोजगार शुरू करने की ओर अग्रसर होने के लिए प्रोत्साहित करना है। यह पुरस्कार हर साल 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में युवा उद्यमियों को मुख्य अतिथि प्रदान करेंगे।
राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित होंगे तीन उद्यमी
कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के माध्यम से जिला स्तर पर चयनित ऐसे 66 उद्यमी अवार्ड विजेताओं में से तीन उद्यमियों को आगामी 15 जुलाई को विश्व युवा कौशल दिवस पर राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री सम्मानित करेंगे। पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर आने वाले उद्यमियों को क्रमश: 50,000 रुपये, 40,000 रुपये और 30,000 रुपये का राज्य स्तरीय नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
आईटीआई कोर्स कर उसी सेक्टर में कारोबार करने वाले उद्यमी होंगे सम्मानित
इस योजना के तहत अवार्ड के लिए केवल उन्हीं उद्यमियों पर विचार किया जाएगा, जिन्होंने उसी ट्रेड या सेक्टर में अपना कारोबार अथवा उद्यम शुरू किया हो, जिससे उन्होंने आईटीआई पास की है। उम्मीदवारों ने आईटीआई पास करने के एक से चार वर्ष के बीच अपना कारोबार हरियाणा के किसी स्थान पर या फिर चंडीगढ़ में शुरू किया होना चाहिए।
इस पुरस्कार के लिए आवेदन आमंत्रित करने के लिए विभाग हर साल अक्तूबर माह में विज्ञापन जारी करेगा। उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला शिक्षुता एवं आत्मनिर्भर कमेटी जिला स्तरीय पुरस्कारों के लिए इस वर्ष 18 जनवरी से पहले प्राप्त आवेदनों में से विजेता तीन उम्मीदवारों का चयन करेगी। - डॉ कृष्ण कुमार, प्राचार्य राजकीय आईटीआई, पानीपत।