पानीपत। बिंझौल गांव के युवक ने हवलदार समेत तीन लोगों की प्रताड़ना से परेशान होकर पुलिस चौकी के सामने जहर निगल लिया। युवक को इलाज के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान युवक की गत मंगलवार को मौत हो गई। आरोप है कि हवलदार पांच हजार रुपये रिश्वत न देने पर युवक को परेशान कर रहा था। उस पर केस दर्ज कर उसे जेल भेजने की धमकी दे रहा था। वह युवक को पुलिस चौकी बुलाकर पीट भी चुका था। परिजनों ने हवलदार की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। परिजनों ने गिरफ्तारी न होने तक शव को लेने से इंकार कर दिया है।
परिजनों ने इस संबंध में पानीपत एसपी लोकेंद्र सिंह से हवलदार की गिरफ्तारी की मांग की है। पु़लिस ने हवलदार समेत तीन पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बिंझौल गांव निवासी मामन राम ने बताया कि उसके पोते गुरमीत (24) का कुछ दिन पहले गांव के राजपाल के साथ झगड़ा हो गया था। झगड़े में राजपाल को चोट लगी थी। जिसकी शिकायत राजपाल ने आठ मरला चौकी पुलिस को दी थी। गुरमीत का बाद में राजपाल के साथ पांच हजार रुपये में समझौता भी हो गया। इस मामले का जांच अधिकारी हवलदार अभिमन्यु था। अभिमन्यु ने गुरमीत को कहा कि जब तक उसे पांच हजार रुपये नहीं मिलेंगे वह फाइल बंद नहीं करेगा।
अभिमन्यु ने राजपाल व गांव के ही सुरेश के माध्यम से गुरमीत को परेशान करना शुरू कर दिया। तीनों लोग उस पर पांच हजार रुपये देने का दबाव बनाने लगे। गुरमीत ने हवलदार अभिमन्यु को तीन हजार रुपये दे दिए। बाकी दो हजार रुपये देने के लिए गुरमीत ने उससे कुछ समय मांगा। हवलदार अभिमन्यु ने इससे भी इंकार कर दिया और तुरंत पैसे देने का दबाव बनाया। गुरमीत ने कहा कि वह मोबाइल बेचकर उसे दो हजार रुपये दे देगा। इसके बाद भी अभिमन्यु लगातार गुरमीत को कॉल कर परेशान कर रहा था। 25 दिसंबर को अभिमन्यु ने गुरमीत को पुलिस चौकी में बुलाया और उसे डंडे व थप्पड़ों से पीटा। उसे डराया गया कि अगर पैसे नहीं दिए तो वह जेल भेज देगा। उसे शाम तक पुलिस चौकी में बैठाकर रखा। इसके बाद राजपाल ने अभिमन्यु को कॉल किया और इस शर्त पर छोड़ा कि वह सुबह चौकी में पेश होकर दो हजार रुपये दे देगा।
26 दिसंबर को गुरमीत अपने साथ राजपाल और सुरेश को लेकर चौकी में गया। गुरमीत ने कहा कि उसके पास पैसे नहीं है। थोड़ा वक्त दे दो। इस पर अभिमन्यु भड़क गया। इसी से परेशान होकर गुरमीत चौकी से बाहर गया और एक दुकान से जहरीला पदार्थ खरीदकर लाया और चौकी के सामने जहरीला पदार्थ निगल लिया। इसकी सूचना उन्हें दी गई। गुरमीत का भाई नीरज उसे लेकर जिला नागरिक अस्पताल गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मंगलवार शाम को गुरमीत ने दम तोड़ दिया।
गिरफ्तारी नहीं होने तक शव नहीं लेंगे
बिंझौल गांव निवासी मामन ने बताया कि उन्होंने बुधवार व वीरवार को एसपी से मुलाकात की है। उनकी मांग है कि जल्द अभिमन्यु की गिरफ्तारी हो। गिरफ्तारी न होने तक वह शव नहीं लेंगे। गुरमीत की मौत का जिम्मेदार अभिमन्यु, सुरेश व राजपाल हैं।
वर्जन-
मॉडल टाउन पुलिस थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि मृतक के दादा की शिकायत पर आरोपी हेड कॉन्स्टेबल अभिमन्यु व राजपाल और सुरेश के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 108, 115, 308(6), 351(3) और एंटी करप्शन एक्ट 13(7) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पूरे मामले की जांच चल रही है।