पानीपत। एनएफएल नाके के पास कैंटर चालक ने मोटर साइकिल सवार युवक को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। चाचा घायल भतीजे को सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। चाचा ने आरोपी कैंटर चालक के खिलाफ मॉडल टाउन थाना पुलिस को शिकायत दी है, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एनएफएल टाउनशिप में रहने वाले नरेंद्र शर्मा ने बताया कि रविवार दोपहर 12 बजे वह अपने घर पर था। उसका भतीजा आयुष पुत्र वीरेंद्र भी उसके साथ रहता है। दोपहर को भतीजे से बात हुई थी, भतीजे ने उसे महराणा चौक पर नहर किनारे बुलाया। वह दोपहर करीब एक बजे महराणा चौक पर नहर किनारे पहुंचकर भतीजे का इंतजार करने लगा। उसका भतीजा मोटर साइकिल पर सवार होकर उसके पास आ रहा था, जब वह नांगल खेड़ी रोड की तरफ से नहर की पटरी पर एनएफएल नाके की तरफ घूमा तो सामने से तेज रफ्तार में आ रहे आयशर कैंटर ने भतीजे को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही भतीजा सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। वह भतीजे को सरकारी अस्पताल लेकर गया, जहां पर डॉक्टर ने भतीजे को मृत घोषित कर दिया।