पानीपत। युवा विदेश में जाकर डॉलर कमाने की चाह में अपनी जमा पूंजी के साथ घर और जमीन तक बेचने को तैयार हैं। इसी के साथ उनके साथ धोखाधड़ी के मामले भी बढ़ रहे हैं। बात 2024 की करें तो एक साल में पुलिस के पास कबूतरबाजी के 35 मामले पहुंचे।
इसी तरह 2025 में एक महीने में अब तक पांच मामले आ चुके हैं। पुलिस ने पिछले साल के 35 में से 15 मामलों को सुलझाकर 16 आरोपियों को काबू करने का दावा किया है।
उल्लेखनीय है कि युवा एक-दूसरे को देखकर विदेश जाने की चाहत में अपने माता-पिता पर दबाव बना रहे हैं। वे विदेश में जाकर पढ़ाई के साथ काम करने की भी बात कहते हैं। डोंकी के रास्ते अमेरिका समेत दूसरे देशों में जाने वाले युवाओं की संख्या एक दूसरे को देखकर लगातार बढ़ती जा रही है। कॉलेजों में भी पढ़ाई छोड़कर विदेश में जाने वालों की संख्या हर साल बढ़ रही है। एसडी पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनुपम अरोड़ा ने बताया कि युवा नौकरी या स्वरोजगार करने की बजाय विदेश में जाना पसंद कर रहे हैं। यह भेड़ चाल देश ही नहीं यहां की संस्कृति के लिए चिंता की बात है। कई घरों व गांवों में जवान लड़के नजर नहीं आ रहे हैं। वे विदेश में मजदूरी कर रहे हैं।