पानीपत। पानीपत से अपने गांव यूपी के बलिया जिले के लिए निकला युवक रविवार दोपहर बाद सिवाह बस अड्डे के सामने शराब के नशे में हाईटेंशन लाइन के 150 फीट ऊंचे खंभे पर चढ़ गया। युवक ने तीन परिचितों के साथ शराब पी। कहासुनी होने पर एक युवक ने उसे थप्पड़ मार दिया। इससे गुस्से में आकर उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने बिजली सप्लाई बंद कराकर किसी तरह से उसे नीचे उतारा। करीब एक घंटे तक बस अड्डे पर यह हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
सेक्टर-29 थाना प्रभारी रोबिन ने बताया की रविवार दोपहर बाद करीब तीन बजे सूचना मिली कि एक युवक सिवाह अड्डे के पास बिजली के खंभे पर चढ़ गया है। तुरंत ही वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंची। बिजली सप्लाई बंद कराकर युवक को नीचे उतरवाया। इसके बाद युवक शिवम से बात की तो उसने बताया कि वह बलिया जिले का रहने वाला है और बरसत रोड पर किराये के मकान में रहकर फैक्टरी में काम करता है। रविवार को वह अपने गांव जाने के लिए निकला था।
बस अड्डे पर पहुंचकर उसने शराब पी। इसी बीच उसे दो-तीन युवक मिले और उसने उनके साथ भी शराब पी। नशे में उनकी कहासुनी हुई तो एक व्यक्ति ने उसे थप्पड़ मार दिया। पुलिस शिवम को थाने ले आई और उसके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। इसके बाद उसे परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।