पानीपत। स्वच्छ सर्वेक्षण में इस बार रैंकिंग सुधारने का दावा किया जा रहा है। शहर में हालांकि स्थिति इसके अनुकूल नजर नहीं आ रही है। नगर निगम और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) का सफाई टेंडर फाइलों में अटका हुआ है।
नगर निगम की सफाई का ठेका पिछले आठ महीने में कई बार बढ़ चुका है। इस बार यह 31 दिसंबर तक है। निगम नए सिरे से टेंडर नहीं लगा पाया है।
गौरतलब है कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण का भी पांच सेक्टरों में सफाई का टेंडर तीन बार में भी सिरे नहीं चढ़ा पाया है। ऐसे में शहर और सेक्टरों में सफाई को लेकर समस्या लगातार गंभीर बनती जा रही है। पहले कॉलोनियों की गलियों में हर रोज झाड़ू लगाई जाती थी। अब दो महीने से सफाईकर्मी नजर नहीं आ रहा है।
निगम ने दो हिस्सों में बांट दो कंपनियों को दिया था टेंडर ः नगर निगम ने शहर को दो भागों में बांटकर दो कंपनियों को सफाई का ठेका दिया था। दोनों कंपनियों को साफ-सफाई के साथ जेबीएम को डोर-टू-डोर कूड़ा उठान का जिम्मा दिया गया है। लोकसभा और विधानसभा चुनाव के दौरान टेंडर को बढ़वाया जा चुका है। अब यह टेंडर 31 दिसंबर तक है। शहरी विधायक प्रमोद विज ने गत दिनों निगम अधिकारियों की बैठक में इसका फीडबैक भी लिया है। शहर के लोगों के अनुसार अब कॉलोनियों की गलियों में साफ-सफाई नहीं की जा रही है। नालों की सफाई भी महीने में एक बार मुश्किल से की जा रही है। डोर-टू-डोर कूड़ा उठान के लिए पहले गाड़ी हर रोज पहुंच जाती थी। अब सप्ताह में दो बार मुश्किल से पहुंच पाती हैं।
पांच सेक्टरों में डेढ़ साल से अटका सफाई का ठेका ः हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के पास पांच सेक्टरों में सफाई का जिम्मा है। इनमें सेक्टर सात, आठ, 18, 24 और 40 हैं। इन सेक्टरों में डेढ़ साल से सफाई का नया ठेका नहीं हो पाया है। एचएसवीपी इसको लेकर तीन बार टेंडर लगा चुका है।
हुडा सेक्टर्स कन्फेडरेशन के संयोजक बलजीत सिंह ने बताया कि वे लंबे समय से इसकी मांग कर रहे हैं। एचएसवीपी के अधिकारियों ने लंबे समय बाद दो दिन पहले बैठक बुलाई है। इसमें सेक्टरों की सफाई समेत अन्य विषयों को रखा गया। अधिकारियों ने इसको जल्द ही सिरे चढ़ाने का भरोसा दिया है।
इस संबंध में एचएसवीपी के ईओ विजय राठी पांच सेक्टरों में साफ-सफाई का टेंडर लगाया गया है। इसका प्रस्ताव मुख्यालय पर भेजा गया। इसको लेकर जल्द ही सिरे चढ़ाया जाएगा। उधर नगर निगम के आयुक्त डॉ. पंकज ने कहा कि टेंडर को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। सफाई का टेंडर जल्द ही पूरा कराया जाएगा।