पानीपत। सीआईए टू ने विकास नगर एनएफएल अंडर पास के पास से एक युवक को देसी पिस्तौल के साथ पकड़ा। पुलिस ने उसको पिस्तौल मुहैया कराने वाले आरोपी को भी देशवाल चौक से गिरफ्तार कर लिया। युवक ने हथियार रखने के अपने शौक को पूरा करने के लिए यह पिस्तौल खरीदी थी। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
सीआईए टू प्रभारी फूल कुमार ने बताया कि उनकी टीम गश्त के दौरान नई सब्जी मंडी के पास मौजूद थी। टीम को सूचना मिली थी कि एनएफएल अंडर पास के नजदीक एक युवक पिस्तौल लेकर खड़ा है। इसी सूचना पर उनकी टीम मौके पर पहुंची और इस युवक को हिरासत में लिया। उसकी पहचान गांधी कॉलोनी निवासी अरुण के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास देसी पिस्तौल मिली। ें उसने बताया कि यह पिस्तौल उसने 15 दिन पहले गांधी कॉलोनी निवासी लक्की से पांच हजार रुपये में खरीदी थी। पुलिस लक्की को भी देशवाल चौक से गिरफ्तार कर लिया।