पानीपत। मुझे अपने ही रंग में रंग ले मेरे यार सांवरे.., ऐसा रंग तू रंग दे सांवरिया उतरे ना जनम जनम तक..,घुंघटियो आड़े आग्यो जी थाने देख कोनी पाई बाबा श्याम.., हे री सखी मंगल गाओ रे, आज धरती पर उतरी श्याम की सवारी...समेत श्याम बाबा के भजनों से माॅडल टाउन गूंज उठा।
शनिवार को मौका रहा आर्य समाज मॉडल टाउन में श्री मोर धारी सेवा मंडल के तृतीय श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव का। वृंदावन से साध्वी पूर्णिमा दीदी, दिल्ली से सोनी सिस्टर्स और पानीपत के पंकज कुमार ने एक के बाद एक भजनों की लाइन लगा दी।
इनको सुनकर भक्त खुद को रोक नहीं पाए। 50 फीट लंबा, 16 फीट चौड़ा और लगभग 50 फीट ऊंचा दरबार विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कोलकाता से फूलों को दरबार सजाया गया। ज्योत पहली बार बाबा श्याम चुलकाना धाम से लाई गई। यहां समिति सदस्यों ने अतिथियों के साथ पूजा की और बाबा का आशीर्वाद लिया। शाम को शुरू महोत्सव देर रात तक चला।
मंडल के संस्थापक वीरेंद्र जैन ने बताया कि तृतीय श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव खाटू धाम मंदिर पानीपत से पुजारी छिद्दीमल शास्त्री द्वारा बाबा श्याम संकीर्तन महोत्सव में हवन किया। पानीपत में पहली बार बाबा की ज्योत चुलकाना धाम से बाबा श्याम के दरबार से लाई गई।
इसके साथ बाबा का दरबार कोलकाता से आए फूलों से सजाया गया। महोत्सव में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज, समाजसेवी विजय जैन, लोकेश नांगरू, गोपाल तायल, विक्रम शाह , राजेश गर्ग, राहुल गुप्ता और रवि पाहूजा विशेष रूप से शामिल रहे।