पानीपत। जिले के बुआना लाखू गांव के 11 वर्षीय खिलाड़ी यशू लठवाल ने अपनी पहली ही प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर मुक्केबाजी में शानदार शुरुआत की है। आठ मार्च को सनौली में आयोजित जिला स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में यशू ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया और अपने गांव व जिले का नाम रोशन किया।
इस उपलब्धि के बाद यशू के परिवार में खुशी का माहौल है। अब यशू राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की तैयारी कर रहे हैं। यशू पिछले एक वर्ष से अपने गांव में स्थित पीएस स्पोर्ट्स एकेडमी में कोच सुरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में मुक्केबाजी का प्रशिक्षण ले रहे हैं। कोच की देखरेख में उन्होंने न केवल खेल की तकनीक सीखी, बल्कि अनुशासन और आत्मविश्वास भी विकसित किया। कोच सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पहला स्वर्ण पदक उनकी मेहनत और समर्पण का ही परिणाम है। यशू फिलहाल पांचवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहे हैं और पढ़ाई के साथ-साथ खेल में भी संतुलन बनाए हुए हैं। उनके पिता दीपक गांव में किरयाना की दुकान चलाते हैं, और मां रुकमेश गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने हमेशा यशू को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। यशू के पिता ने बताया कि बेटे की इस उपलब्धि पर उन्हें गर्व है और वे आगे भी उसे हर संभव सहयोग देंगे।