समालखा में बाइक सवार दो युवक सोमवार शाम को जौरासी रोड स्थित एक किराना दुकान पर बैठी महिला के गले से सोने की चेन झपट ली।
सूचना मिलने पर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में तलाश भी की। परंतु वे पकड़ में नहीं आ सके। जौरासी रोड निवासी प्रकाशो देवी पत्नी रामकुमार मित्तल ने बताया कि सड़क किनारे पर उन्होंने साईं बाबा मंदिर के नजदीक उनका मकान है। इसमें अगले हिस्से में उन्होंने एक तरफ किराना की दुकान के दूसरे हिस्से में तेल और चावल निकालने की चक्की लगाई है। शाम चार बजे वह दुकान पर बैठी थी और उसका पति चक्की देखने के चला गया।
इसी दौरान एक सप्लेंडर बाइक पर दो युवक आए। इसमें से एक बाइक पर ही बैठा रहा और एक ने आकर उससे कोल्डड्रिंक मांगा। जैसे ही वो उठकर पीछे रखे फ्रिज की तरफ ठंडा निकालने के लिए मुड़ी तो तभी युवक ने पीछे से झपटा मारते हुए उसके गले से सोने की चेन तोड़ ली और बाइक पर भापरा की ओर फरार हो गए।
उसने चिल्लाते हुए आवाज लगाई। लेकिन कोई पकड़ नहीं सका। पत्नी के चिल्लाने की आवाज सुनकर रामकुमार और उसके बेटे बाहर आए मगर तब तक झपटमार आंखाें से ओझल हो चुके थे। उन्होंने तुरंत मामले की सूचना चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ करते हुए बाइक सवार युवकों की तलाश शुरू कर दी।
प्रकाशो देवी ने बताया कि आहोई का व्रत होने के कारण रविवार को ही उसने चेन निकालकर पहनी थी, जो करीब ढाई तोले की थी। इस बारे में चौकी प्रभारी सुरेंद्र दहिया का कहना है कि मामले की सूचना मिली थी। तुरंत मौके पर पहुंचे ओर बाइक सवार युवकों की तलाश शुरू कर दी गई।