Woman's death, maternal side accuses in-laws of killing her by hanging
- फोटो : Panipat
पानीपत। चावला कॉलोनी में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर विवाहिता को फंदे पर लटकाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। किला थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। सोमवार को शव का बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा, रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
हनुमान कॉलोनी निवासी धीरज ने बताया कि उसकी बहन प्रीति की शादी वार्ड 11 स्थित चावला कॉलोनी निवासी प्रिंस के साथ गत 10 साल पहले शादी हुई थी। बहन के दो बच्चे हैं, जिनमें बड़ी बेटी दर्पण (7) और बेटा पीयूष (4) है। आरोप है कि शादी के बाद ही ससुराल पक्ष की ओर से दहेज के लिए मांगे शुरू हो गई थी। कभी दो, कभी 10 तो कभी 20 हजार रुपये की मांग करता था। उनका पूरा परिवार मेहनत मजदूरी करता है, इसके बावजूद उन्होंने सभी मांगों को पूरा किया, लेकिन लगातार बढ़ती जा रही मांगों से वह परेशान हो चुके थे। वह मना करते तो उसकी बहन के साथ मारपीट की जाती थी। आरोप है कि शनिवार रात 10 बजे उसके पास जीजा प्रिंस का कॉल आया। उसने कहा कि थारी छोरी मार दी, उठाकर ले जाओ। जब वह घर पर पहुंचे तो बहन का शव बेड पर पड़ा हुआ था। उसके गले पर निशान थे। उन्होंने मौत की वजह पूछी तो प्रिंस ने बताया कि वह मानसिक परेशान चल रही थी और उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका आरोप है कि बहन को फंदे पर लटका कर मारा है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है, सोमवार को डॉक्टरों के बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मृतका के पिता की तरफ से शिकायत दी है, जिसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- महिपाल सिंह, किला थाना प्रभारी