डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स ने बताया कि शनिवार की सुबह इसराना थाना क्षेत्र के गांव भाऊपुर के खेतों में एक अज्ञात महिला का शव मिला था। महिला की ईंटों से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने कारद गांव के संदीप की शिकायत पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। रविवार को महिला के शव की पहचान हुई। महिला के पति ने शव की पहचान कर बताया वह मूल रूप से बिहार के बांका जिले का रहने वाला है और काफी वर्षों से पानीपत के थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र की एक कॉलोनी में रह रहा है।
उसकी पत्नी मानसिक रूप से बीमार चल रही थी। शुक्रवार रात को 10 बजे वह घर से निकली थी, जिसके बाद पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। हत्या की वारदात में नौल्था के जतिन और अनिल का नाम सामने आया है। रविवार की दोपहर को पुलिस टीम ने पानीपत रेलवे स्टेशन के पास से दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
जाटल रोड नहर के पास मिली थी महिला
पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की वारदात करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात को वह गोहाना रोड पर शराब पी रहे थे, इसके बाद वह जाटल रोड नहर पुल की तरफ गए तो वहां पर महिला को अकेले घूमते देखा। उन्होंने महिला से बात की और उसे अपने साथ भाऊपुर के खेतों में ले गए, जहां पर दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने इसका विरोध किया तो उन दोनों ने पास पड़ी ईंट उठाकर महिला के सिर पर हमला कर दिया, इसके बाद कपड़े से महिला का गला दबाकर उसकी हत्या कर शव को करीब 25 मीटर घसीटकर दूसरे खेत में ले गए और शव को जलाने का प्रयास किया, इसके बाद महिला के शव को वहीं छोड़कर भाग गए थे। सोमवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।