थाना इसराना क्षेत्र के भाऊपुर गांव के जंगल में शुक्रवार रात को 35 वर्षीय एक महिला की सिर और चेहरे को ईंटों से कुचलकर नृशंस तरीके से हत्या कर दी गई। महिला का अर्धनग्न शव गेहूं के खेत में पड़ा मिला। पैर में साड़ी बांधकर शव को 50 मीटर दूर तक घसीटकर गेहूं के खेत में फेंका गया। घटनास्थल पर शराब की खाली बोतलें, गिलास और कोल्ड ड्रिंक की बोतलें भी मिली हैं।
अंदाजा लगाया जा रहा है कि शराब पार्टी के बाद वारदात को अंजाम दिया गया। महिला के साथ दुष्कर्म होने की भी आशंका है। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। थाना इसराना पुलिस ने शव जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।