पानीपत। गल्ला मंडी निवासी एक युवक अपनी पत्नी को सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पति शव लेकर जाने लगा तो सफाई कर्मचारियों ने रोक लिया और डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। शव को फिलहाल पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में रखवा दिया है।
एमपी के दतिया निवासी उत्तम ने बताया कि वह हाल में पानीपत की गल्ला मंडी के सामने रहता है। उसके तीन बच्चे हैं। पत्नी अनीता की पिछले कई दिनों से तबीयत खराब चल रही थी, रविवार सुबह अचानक ही पत्नी अनीता के सिर में दर्द होने लगा, तो पत्नी ने कोई दवाई खा ली, जिसे खाने के बाद उसकी हालत और बिगड़ गई।
वह तीनों बच्चों को घर छोड़कर ई-रिक्शा में पत्नी को सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वह शव को लेकर जाने लगा तो सफाई कर्मचारियों ने उसे रोक लिया। मेडिकल स्टाफ ने डायल 112 को शव लेकर भागने की सूचना दे दी, जल्द ही डायल 112 की गाड़ी पहुंच गई। वहीं एसआई मदन सिंह ने बताया कि शव को शवगृह में रखवा दिया है, पोस्टमार्टम के बाद शव पति को सौंप दिया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।