पानीपत। पानीपत में कपड़ा बनाने की मशीन देखकर लौट रहे मेरठ के एक युवक की यूपी के भूरा बाईपास फ्लाईओवर के पास डंपर के कुचलने से मौत हो गई। वह बाइक पर अपने एक साथी के साथ पानीपत आया था और मशीन देखकर वापस जा रहा था। हाईवे पर गलत साइड चल रहे अनियंत्रित डंपर चालक सोमवार को बाइक सवारों को कुचल दिया। हादसे में मेरठ के शहजाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी आसिफ गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेते हुए घायल को सीएचसी में भर्ती कराया है।
मेरठ के मोहल्ला अहमदनगर लिसाढ़ी गेट निवासी शहजाद (37) अपने साथी आसिफ के साथ हरियाणा के पानीपत में कपड़ा बनाने की मशीन देखने के लिए गया था। सोमवार शाम करीब सात बजे वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। भूरा बाईपास फ्लाईओवर के निकट सामने से गलत साइड से आ रहे डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी जिसमें बाइक क्षतिग्रस्त हो गई तथा डंपर के नीचे फंस गई। हादसे में शहजाद की मौके पर ही मौत हो गई और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने पुलिस को सूचना देते हुए बाइक को डंपर के नीचे से बाहर निकाला। पुलिस ने दोनों युवकों को नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने शहजाद को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं, पुलिस ने डंपर को अपने कब्जे में ले लिया है। आसपास के लोगों ने बताया कि शहजाद सिर पर हेलमेट नहीं पहना था। सिर में गंभीर चोट के चलते शहजाद की मौत हो गई। पुलिस ने हादसे के संबंध में मृतक के परिजनों को सूचना दी।