पानीपत। एटीएम बूथ पर रुपये निकालने आए लोगों को ठग निशाना बना रहे हैं। आरोपियों ने दो युवकों को अपना शिकार बनाया और कार्ड बदलकर खाते से नकदी निकाल ली। पहले युवक के खाते से 50 हजार रुपये नकदी निकाली और 44 हजार रुपये एक किराना स्टोर की दुकान पर ट्रांसफर कर दिए। दूसरे युवक के खाते से 55,100 रुपये निकाले। संबंधित थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना नंबर एक
मॉडल टाउन थाना पुलिस को दी शिकायत में नूरवाला निवासी फूल सिंह ने बताया कि 20 फरवरी को वह अपने भाई तिलक सभरवाल के पास मॉडल टाउन में गया था। भाई ने उसे खाते से 50 हजार रुपये निकालने के लिए अपना डेबिट कार्ड दिया। वह रुपये निकालने के लिए आठ मरला चौक स्थित एचडीएफसी बैंक की एटीएम बूथ पर गया था, जहां पर उसने मशीन से रुपये निकालने का प्रयास किया, लेकिन रुपये नहीं निकले। इसी बीच बूथ पर दो युवक आए और उसे अपने झांसे में फंसा कर उससे कार्ड ले लिया। दोनों युवकों ने भी रुपये निकालने का प्रयास किया, लेकिन रुपये नहीं निकले।
कुछ देर में उन्होंने कार्ड लौटा दिया और वह भाई के पास लौट गया। इसी बीच भाई के फोन पर खाते से 20 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। उन्होंने कार्ड चेक किया तो वह बदला हुआ मिला। इसके बाद खाते से 10 हजार, 20 हजार रुपये और निकल गए। पीड़ित फूल सिंह ने बताया कि ठगों ने खाते से पहले 50 हजार रुपये निकाले। इसके बाद आरोपियों ने 44 हजार रुपये आशीष किराना स्टोर पर ट्रांसफर किए।
घटना नंबर दो-
तहसील कैंप के भारत नगर निवासी शिव कुमार ने बताया कि 20 फरवरी को वह सुबह साढ़े 10 बजे पीएनबी की एटीएम बूथ पर रुपये निकलवाने गया था। एक युवक उसके पास आया और कार्ड लेकर रुपये निकालने का झांसा दिया। कुछ देर में युवक ने कार्ड लौटा दिया और कहा कि मशीन खराब है। वह व्यस्त होने के कारण चला गया। उसने फोन चेक किया तो खाते से सात बार में कुल 55,100 रुपये निकले मिले। पीड़ित की शिकायत पर तहसील कैंप थाना थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरिराम ने बताया कि शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।