इसराना। सब डिवीजन इसराना में मांडी रोड पर तहसील अभी बीडीपीओ कार्यालय की बिल्डिंग में चल रही है। तहसील के 26 गांवों के पटवारी भी वहां पर अलग-अलग कमरों में बैठते है। तहसील की अपनी बिल्डिंग नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पंचायत एवं विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार के प्रयासों से इसराना में तहसील की नई बिल्डिंग बनाने का फैसला लिया गया।
एसडीएम नवदीप सिंह नैन ने बताया कि इसराना में मांडी रोड पर तहसील की करीब सवा दो एकड में नौ करोड 74 लाख रुपये की लागत से तीन मंजिला नई बिल्डिंग पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा बनवाई जा रही है। पीडब्ल्यूडी द्वारा करीब तीन साल पहले 15 जून 2022 को तहसील की नई बिल्डिंग के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। करीब तीन साल बाद सितंबर में नई तहसील बिल्डिंग का निर्माण कार्य पूरा हो सकता है। तहसील की नई बिल्डिंग बनने से 26 गांव के ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे राजस्व संबंधी सभी सुविधाएं मिलेगी। तहसीलदार, नायब तहसीलदार, कानूनगो व पटवारी सभी नई बिल्डिंग में बैठेंगे तो ग्रामीणों को अपने कामों को लेकर इधर-उधर चक्कर नहीं काटने पडे़गे।
नई तहसील बिल्डिंग के पीछे ही तहसीलदार, नायब तहसीलदार, ग्रुप सी व डी के चार-चार कर्मचारियों के लिए आवास बनाए जा रहे हैं। तहसील कार्यालय में ही आवासीय सुविधा मिलने से कर्मचारियों को भी कार्यालय आने में कोई दिक्कत नहीं होगी। नई तहसील बिल्डिंग के पास छह एकड़ से ज्यादा जमीन में सब डिवीजन ऑफिस कांप्लेक्स बनाने का सुझाव पंचायत विभाग को भेजा गया है।
वर्जन :
पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन सवित पान्नु ने बताया कि नई तहसील बिल्डिंग का निर्माण कार्य अब तेजी से चल रहा है। विभाग का पूरा प्रयास रहेगा कि सितंबर माह के समाप्त होने से पहले नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य पूरा हो सके। तहसील की नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ही राजस्व विभाग को सौंपी जाएगी।