माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। नेताजी एक्सप्रेस ट्रेन में चार माह का एक लावारिस बच्चा मिलने के मामले में जांच लगातार आगे बढ़ रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चे को दिल्ली पहुंचने से पहले ही ट्रेन की सीट पर छोड़ दिया गया था। मामले में अब पुलिस की जांच पांच राज्यों तक फैल गई है।
जब ट्रेन दिल्ली पहुंची तो टीटीई की ड्यूटी बदल गई। इसके बाद ट्रेन में सवार हुए टीटीई मोहन ने यात्रियों की संख्या और टिकटों की जांच की। इसी दौरान उन्हें एक सीट पर अकेला चार माह का बच्चा मिला, जिस पर उन्हें शक हुआ। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना सोनीपत पहुंचकर जीआरपी पुलिस को दी।
जीआरपी थाना पुलिस ने सोनीपत और दिल्ली रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन बच्चे के माता-पिता या उसे ट्रेन में लाने वाले किसी व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने आशंका जताई है कि बच्चे को दिल्ली से पहले किसी स्टेशन पर ट्रेन में छोड़ा गया होगा।
अब पुलिस को पश्चिम बंगाल से दिल्ली तक के रूट पर पड़ने वाले लगभग 30 से अधिक रेलवे स्टेशनों की सीसीटीवी फुटेज खंगालनी होगी। नेताजी एक्सप्रेस पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से होकर गुजरती है, जिससे जांच का दायरा काफी बड़ा हो गया है।
सोमवार को जीआरपी टीम सोनीपत और दिल्ली रेलवे स्टेशनों पर पहुंची और प्लेटफॉर्म व मुख्य द्वार के कैमरों की जांच की। लेकिन किसी भी फुटेज में यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि बच्चे को किसने ट्रेन में छोड़ा। फिलहाल बच्चे को जिला नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है और वह पूरी तरह स्वस्थ बताया जा रहा है।
जीआरपी थाना प्रभारी धर्मपाल ने बताया कि दिल्ली और सोनीपत स्टेशन की सीसीटीवी जांच में कोई सुराग नहीं मिला है। उनका कहना है कि बच्चा दिल्ली पहुंचने से पहले ही ट्रेन में छोड़ा गया प्रतीत होता है और अब पीछे के सभी स्टेशनों की जांच की जा रही है।
चिकित्सकों की निगरानी में बच्चा स्वस्थ : बच्चा स्वस्थ है और उसे जिला नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। बताया जा रहा है कि बच्चा थर्ड जेंडर है। जिस कारण कारण उसे परिजनों ने छोड़ दिया है लेकिन अभी आधिकारिक रूप से इसकी कोई पुष्टि नहीं कर रहा है। वहीं, बाल कल्याण समिति भी बच्चे के स्वास्थ्य पर नजर रख रही है।
इन स्टेशनों से होकर दिल्ली पहुंचती है नेताजी एक्सप्रेस
मुख्य रूप से हावड़ा, बर्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, धनबाद, गोमोह, पारसनाथ, हजारीबाग, कोडरमा, गया, देहरी ऑन सन, सासाराम, बभुआ रोड, वाराणसी, मिर्जापुर, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, इटावा, शिकोहाबाद, फिरोजपुर, टुंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, गाजियाबाद, दिल्ली।