मुख्य अतिथि डॉ. सोनिया त्रिखा और एसपी मेधा भूषण ने छात्रों को कोट पहनाकर उज्ज्वल भविष्य का दिया आशीर्वाद
संवाद न्यूज एजेंसी
इसराना। एनसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल इसराना में शुक्रवार को एमबीबीएस बैच 2026 के नए विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन प्रोग्राम के तहत व्हाइट कोट सेरेमनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नए विद्यार्थियों को चिकित्सा क्षेत्र में सेवा, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करने की चरक शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. बीके गुप्ता ने की, जबकि मंच संचालन डीन एकेडमिक डॉ. निवेदिता पांडेय ने किया।
हरियाणा लोक सेवा आयोग की सदस्य डॉ. सोनिया त्रिखा ने मुख्यातिथि और एसपी मेधा भूषण ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कॉलेज के वाइस चेयरमैन भूषण गुप्ता और सचिव विजय गुप्ता ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
डॉ. सोनिया त्रिखा ने कहा कि एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू करने का यह दिन उनके जीवन का एक अत्यंत महत्वपूर्ण पड़ाव है। आज से उनके जीवन में एक नई यात्रा और बड़ी जिम्मेदारी की शुरुआत हुई है। समाज में डॉक्टर को भगवान का दर्जा दिया जाता है, इसलिए चिकित्सा के क्षेत्र में कदम रखने वाले विद्यार्थियों को पूर्ण अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी पढ़ाई पूरी करनी चाहिए। उन्होंने छात्रों को सकारात्मक वातावरण में आगे बढ़ने और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी।
एसपी मेधा भूषण ने कहा कि जीवन में किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल करने के लिए आत्मविश्वास सबसे बड़ा हथियार है। विद्यार्थियों को अपना पूरा ध्यान पढ़ाई पर केंद्रित करना चाहिए। एएमएस डॉ. विजय दहिया ने पीपीटी के माध्यम से कॉलेज की विशेषताओं और चिकित्सा सुविधाओं की रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर कॉलेज के अध्यक्ष डॉ. बी गुप्ता, वाइस चेयरमैन भूषण गुप्ता, सचिव विजय गुप्ता, मैनेजमेंट सदस्य दीपक गुप्ता, अक्षय गुप्ता और विन्यास गुप्ता, निदेशक मेजर जनरल डॉ. पीके सिंह, मेडिकल सुपरीटेंडेंट मेजर जनरल एसपीएस कोचर, कर्नल रामकुमार, कर्नल जगबीर सिंह जागलान व डॉ. राजेश सहित मौजूद रहे।
6