गांव सुताना में दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष ने उसकी फसल नष्ट करने का प्रयास किया। जबकि दूसरे पक्ष का आरोप है कि पहले पक्ष ने उनके परिवार की महिला को मारने का प्रयास किया है। पुलिस ने दोनों शिकायतों पर केस दर्ज कर लिया है।
राय सिंह निवासी गांव सुताना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 28 जुलाई को उसका पोता मोहित खेत में घास लेने के लिए गया था। तभी उसने देखा कि विकास, सेठपाल, कोमल व अन्य उसकी फसल को नष्ट कर रहे हैं। जब उसने मना किया तो विकास ने मोहित का गला दबाने का प्रयास किया। मोहित ने शोर मचा दिया तो आरोपी वहां से भाग गए। दूसरी तरफ कोमल के पति विकास पुत्र मामचंद निवासी गांव सुताना ने पुलिस को शिकायत दी उसने 2016 में लव मैरिज की थी। उसके परिजन इस बात से खुश नहीं थे। 29 जुलाई को वह खेत में गया था। पीछे से सोनू, पूनम, सोमपाल आदि दीवार फांद कर उसके घर में आ गए और उसकी पत्नी को जहरीला पदार्थ पिलाने का प्रयास किया। सेठपाल ने चाकू से उसकी पत्नी के हाथ पर वार कर दिया उसकी पत्नी ने उसको फोन कर बुलाया तब तक आरोपी वहां से भाग चुके थे। मामले के जांच अधिकारी असंध नहर नाका एस आई श्री कृष्ण ने बताया कि दोनों तरफ से मामला दर्ज है। पुलिस गहनता से मामले की छानबीन कर रही है।