कुरुक्षेत्र/लाडवा। जिले में लगातार दूसरे दिन सोमवार को भी मौसम में बदलाव रहा। इसके चलते लाडवा में जमकर बारिश हुई तो जिले के अन्य क्षेत्रों में कहीं-कहीं रुक-रुक कर हल्की बूंदाबांदी होती रही। इससे मौसम खुशगवार हो गया तो गर्मी से राहत मिली। किसानों को भी राहत की उम्मीद जगी।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले कईं दिनों तक मौसम में बदलाव रहने, कभी हल्की तो कभी तेज बारिश होने की संभावना है। सोमवार को अधिकमत तापमान 29 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहा। मंगलवार को भी ऐसा ही मौसम रहने की उम्मीद है।
10 जुलाई को बारिश हुई थी, जिसके बाद किसान बेसब्री से बारिश का इंतजार कर रहे हैं। बारिश न हो पाने के चलते जहां भीषण गर्मी पड़ने लगी थी वहीं धान की फसल भी सूखने लगी थी। ऐसे में किसानों की चिंता बढ़ गई थी। सोमवार को लाडवा में बारिश हुई तो क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिली।
वहीं अब जिले भर में बारिश का मौसम रहने की उम्मीद से किसानों की चिंता कम हुई है। लाडवा क्षेत्र के गांव डूड़ी के रहने वाले किसान सूरज, रामपाल व हरकेश का कहना है कि बारिश न होने से सब्जी की फसलें भी सूखने लगी थी। धान की फसलें मुरझाने लगी थीं। अब बारिश हुई है तो फसल ठीक होगी।
वहीं अमीन के किसान राजकुमार का कहना है कि लगातार बारिश होगी तो धान की फसल में बड़ा फायदा होगा। उधर कृषि विशेषज्ञ डॉ जितेंद्र मेहता का कहना है कि अभी कईं दिनों तक कभी कम तो कभी तेज बारिश की संभावना है। सब्जी व धान उत्पादक किसानों को फसलों की उचित देखभाल रखनी चाहिए।