संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। जिला उपायुक्त के आदेश के बाद भी रेलवे रोड व नारायणा रोड को जोड़ने वाली पुरानी टेलीफोन एक्सचेंज गली की निशानदेही न होने से ग्रामीणों में रोष है। यह गली अवैध कब्जे के कारण संकरी हो गई है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीण जल्द ही समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री से मिलेंगे।
ग्रामीण कुलदीप, विनोद, राजेश, मुकेश, दलबीर ने बताया कि सरकारी कागजों में करीब 22 फीट चौड़ी पुरानी टेलीफोन एक्सचेंज वाली सड़क पर लोगों के अवैध कब्जे से सड़क की चौड़ाई मात्र आठ से 10 फीट रह गई है। ग्रामीण करीब दो माह पहले डीसी और एसडीएम समालखा से मिलकर निशानदेही करने के लिए शिकायत दे चुके हैं। इसके बाद भी नगर परिषद व तहसील के अधिकारी उनकी सुनने को तैयार नहीं हैं और सड़क की निशानदेही नहीं कर रहे हैं।
गली में कुछ लोगों ने कब्जा कर अपने मकान बना लिए हैं। जिससे गेहूं और धान के सीजन पर लाइन पार के गांव नारायणा, मनाना, वजीरपुर टिटाना, किवाना, बुडशाम, ढोढपुर गांव के किसान अपनी फसल लेकर समालखा अनाज मंडी आते हैं। गली में लोगों के कब्जे के चलते दिनभर जाम लगा रहता है। कई बार गली की निशानदेही को लेकर शिकायतें भी दी लेकिन कोई कार्रवाई न होने से ग्रामीण अब जल्द ही सीएम से मिलेंगे और समस्या का समाधान करवाएंगे।