संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। सतर्कता विभाग के चीफ विजिलेंस ऑफिसर रामेश्वर मेहरा ने पूर्व कांग्रेस विधायक भरत सिंह छौक्कर पर लगे गली में कब्जा कर पेट्रोल पंप व कोठी बनाने के आरोपों की जांच की।
लोकायुक्त के आदेश पर चंडीगढ़ से जांच करने के लिए टीम समालखा पहुंची और नगर परिषद सचिव मनीश शर्मा, एमई राजकुमार व जेई गौरव से जानकारी ली।
साथ ही रिकॉर्ड तलब कर मौका मुआयना किया। शिकायतकर्ता पीपी कपूर की ओर से लोकायुक्त जस्टिस हरिपाल वर्मा को गत 20 मार्च 2025 को सबूतों सहित दी शिकायत दी थी।
उनका आरोप था कि जीटी रोड़ सीता राम कालोनी में सार्वजनिक गली पर अवैध कब्जा करके वर्ष 2021 में पेट्रोल पंप बना लिया। इसके लिए पूर्व विधायक ने पेट्रोल पंप डीलर को अपना प्लॉट पट्टे नामा पर दिया था।
जगह कम पड़ने पर गली भी पेट्रोल पंप में शामिल कर ली गई।
इसी मौके पर पूर्व विधायक के बेटे एवं जिला राजस्व अधिकारी ने भी गली सरे आम पर अवैध कब्जा करके अपनी कोठी में मिला लिया।
सार्वजनिक गली के शेष बचे करीब बीस वर्ग गज रकबा पर आनंद ने जबरन कब्जा करके अपने मकान में शामिल कर लिया।
वर्ष 2004 से सीता राम कालोनी के नक्शे के सरकारी रिकॉर्ड में यह सार्वजनिक गली के रूप में दर्ज थी । इतना ही नहीं पूर्व विधायक ने एक अन्य केस में हाई कोर्ट में दिये अपने बयान में खुद स्वीकार किया कि यहां पहले गली थी। जिसे उन्होंने पेट्रोल पंप लगाते समय वर्ष 2021 में पेट्रोल पंप में शामिल कर लिया था।
पीपी कपूर ने लोकायुक्त को दी शिकायत में गली सरे आम पर किए गए अवैध कब्जों को ध्वस्त करने, पेट्रोल पंप का स्वीकृत नक्शा व डीसी कार्यालय से जारी हुई एनओसी रद्द करके आपराधिक मुकदमा दर्ज कराने की मांग की थी।
चीफ विजिलेंस ऑफिसर जल्द ही अपनी जांच रिपोर्ट चीफ सेक्रेटरी की मार्फत लोकायुक्त को भेजेंगे इसके बाद ही आगामी कार्रवाई होगी।