पानीपत। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने शनिवार को नीट यूजी-2025 का परिणाम जारी कर दिया है। नीट यूजी के परिणाम में सींक गांव के निशांत मलिक ने एआईआर 8531 और ऑल इंडिया जनरल रैंक 870 हासिल की है। नीट यूजी 2025 की परीक्षा 4 मई 2025 को आयोजित की गई थी।
निशांत के पिता सुनील मलिक ने बताया कि यह गांव सींक व जिला पानीपत के लिए खुशी की बात है कि उनके बेटे निशांत ने बहुत मेहनत करके यह मुकाम हासिल कर ऑल इंडिया में यह रैंक प्राप्त की है। उन्होंने बताया कि एमबीबीएस कोर्स में सरकारी कॉलेज में दाखिला होना आज के समय एक सपने के समान है। बेटा निशांत हर रोज सुबह योग करता है जिसे उसमें ऊर्जा का संचार बना रहता है और पढ़ाई में मन लगता है।
वहीं, विजन-30 संस्था के निदेशक प्रशांत नाथ ने बताया कि शनिवार को जारी हुए नीट के परिणाम में संस्था के 10 छात्रों के अंक 500 से ज्यादा आए हैं। सक्षम परूथी ने 569 अंक, विभुषित, युविका और सानिया खान के 554 अंक तथा जावेद मलिक के 549 अंक आए हैं। गृजेश, राहुल, प्रतीक्षा, हर्षित तथा देव के 500 से अधिक अंक हैं। ये सभी छात्र राजकीय महाविद्यालय से एमबीबीएस करेंगे। इनके अलावा मोहित, साहिल व लक्षिता भी अपनी कैटेगरी के कारण राजकीय एमबीबीएस महाविद्यालय चले जाएंगे। उन्होंने बताया कि आठ छात्रों के अंक 400 से अधिक तथा छह छात्र 300 से अधिक अंक लेकर आए। सिर्फ तीन छात्रों के अंक 300 से कम रहे। संस्था के सभी 30 छात्राें ने नीट-2025 में सफलता हासिल की है।