पानीपत। भैंस का लोन पास कराने के नाम पर पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किए गए पशु चिकित्सा एवं पशुधन विकास सहायक डॉ. अशोक कुमार को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश किया था।
एसीबी पानीपत के प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि मंगलवार को बड़ौली पशु अस्पताल में तैनात डॉ. अशोक कुमार को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया था। शिकायतकर्ता जोगिंद्र और उनकी भाभी से भैंस का लोन स्वीकृत कराने के बदले आरोपी ने कुल 7,500 रुपये की रिश्वत मांगी थी।
जांच में सामने आया कि आरोपी पहले ही 2,500 रुपये ले चुका था और दिसंबर 2025 से शेष 5,000 रुपये देने के लिए लगातार दबाव बना रहा था। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने जाल बिछाकर आरोपी को उसके कार्यालय में रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
बुधवार दोपहर करीब दो बजे एसीबी टीम ने आरोपी को अदालत में पेश किया। सुनवाई के बाद अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए। एसीबी अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ आरोप पत्र अदालत में दाखिल किया जाएगा।