पानीपत। सीआईए-3 ने घरों में चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए गिरोह के नाबालिग सहित आरोपी को सनौली रोड पर बबैल नाका के पास से गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। आरोपियों की पहचान मोनू निवासी छाजपुर कला व दूसरे की नाबालिग के रूप में हुई। आरोपियों से जिला की चोरी की तीन वारदात का खुलासा हुआ। आरोपी दिन के समय गेट पर ताला लगे घरों की रेकी कर रात में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
सीआईए-3 प्रभारी इंस्पेक्टर अंकित ने बताया कि दोनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने अपने तीसरे साथी के साथ मिलकर एक सप्ताह पहले रात में सेक्टर-12 में एक घर में चोरी के दौरान हमला करने की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बारे में थाना चांदनीबाग में सेक्टर-24 निवासी राघव की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है। पूछताछ में आरोपियों ने सेक्टर 18 में चोरी की दो और वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की।
पूछताछ में आरोपियों से खुलासा हुआ कि आरोपी मोनू दिन में मोटरसाइकिल पर सवार होकर ऐसे घरों की रेकी करता था, जिनके गेट पर ताला लगा हो। उसके बाद रात में तीनों आरोपी मिलकर उक्त घर में चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल, पेचकश व लोहे की दो रॉड बरामद कर पूछताछ के बाद शनिवार को नाबालिग आरोपी को जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे बाल सुधार गृह मधुबन भेजा गया। आरोपी मोनू को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
चोरी की इन वारदात का खुलासा-
1. 17 नवंबर की रात सेक्टर-12 में एक घर में चोरी करने के दौरान हमला करने की वारदात को अंजाम दिया।
2. सेक्टर-18 में 25 जून की रात एक घर से सोने-चांदी के जेवरात व नकदी चोरी की।
3. नौ सितंबर की रात सेक्टर-18 में एक घर से जूते व चादी के सिक्के व गिलास चोरी किए।