फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panipat News: नहर में मिला महिला का अर्धनग्न शव, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका

विज्ञापन
विज्ञापन
पानीपत/मतलौडा। मतलौडा में जोशी गांव के पास हांसी ब्रांच नहर में करीब 30 वर्षीय एक महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला। शव बोरी से लपेटकर व पत्थर से बांधकर नहर में फेंका गया था। महिला के पैर भी रस्सी से बांधे गए थे। महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। शव दो से तीन दिन पुराना लग रहा है। महिला के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है और हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन


जोशी गांव के रहने वाले दो दोस्त हांसी ब्रांच नहर के पास रील बना रहे थे। इसी बीच उनकी नजर नहर में पड़ी एक बोरी पर गई। दोनों बच्चे बोरी के पास गए तो बोरी में महिला का शव लिपटा हुआ दिखा। बच्चों ने डरकर अपने परिजनों को व पुलिस को सूचना दी। मतलौडा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विजय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल प्रभारी डॉ. नीलम आर्य भी मौके पर पहुंचीं। शव को बाहर निकाला गया। महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में था। उसके पैर रस्सी से बंधे थे। पेट पर वजनी पत्थर रस्सी से बंधा था। पीछे की तरफ बोरी बांधी गई थी। एफएसएल ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हत्यारोपी ने शव को खुर्द-बुर्द करने के लिए पूरी योजना बनाई थी। उसने शव को नहर में फेंकने से पहले करीब 40 किलो वजन का एक पत्थर शव पर बांधा और शव को बोरी में लपेट दिया, ताकि वह ऊपर न उठ सके, लेकिन उसकी योजना नाकामयाब रही।
विज्ञापन

हांसी ब्रांच नहर में निर्माण कार्य के चलते पानी रोका गया है। इस वजह से नहर में दो से ढाई फुट ही पानी रह गया है। इसीलिए दोनों किशोरों को शव नहर में बोरी में लिपटा नजर आ गया।
शव करीब दो से तीन दिन पुराना लग रहा है। ऐसे में पुलिस स्टेट हाइवे व आस पास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने में जुट गई है। पुलिस पिछले दो से तीन दिन पुरानी रिकार्डिंग खंगाल रही है, ताकि कोई सुराग हाथ लग सके।
आशंका है कि महिला नेपाल की रहने वाली हो सकती है। पुलिस ने शिनाख्त के लिए महिला के शव की फोटो आस पास के गांव व नजदीकि जिलों में भेज दी है। वहीं सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जा रहा है। इसके अलावा पुलिस की एक टीम आस पास की फैक्टरी व फार्म पर रहने वाले परिवारों के पास जाकर फोटो दिखा रही है और पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने शव निकाला तो महिला के शरीर पर चोट के कई निशान मिले। उसके गले पर भी निशान था। उसकी जीभ बाहर निकली हुई थी। आशंका है कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई होगी। पुलिस सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराएगी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा होगा कि महिला की हत्या कैसे की गई।
पानीपत में रोहतक बाईपास पर सूटकेस में रस्सी से हाथ-पैर बंधा व मुंह पर टेप लगा हुआ महिला का शव मिल चुका है। पुलिस इस वारदात का अब तक खुलासा नहीं कर पाई है। पुलिस ने इस वारदात को सुलझाने के लिए एक लाख रुपये का इनाम भी रखा है।
विज्ञापन

शव डीकंपोज हो चुका है। हाथ लगाने पर भी खाल उतर रही है। शव दो से तीन दिन पुराना लग रहा है। मौके से कई साक्ष्य जुटाएं गए हैं।
- डाॅ. नीलम आर्या, प्रभारी, एफएसएल पानीपत
महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस इस वारदात को सुलझाने में जुट गई है।
- विजय कुमार, प्रभारी, मतलौडा थाना
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें