पानीपत। वार्ड-12 की विद्यानंद कॉलोनी स्थित एक मंदिर के पास कश्यप धर्मशाला में हनुमान सभा के बैठने से रोकने के लिए कुछ लोगों ने ताला लगा दिया। दूसरे लोगों ने ताला तोड़ दिया। इस पर हंगामा मच गया। कॉलोनी के लोगों ने कहा कि धर्मशाला सबके लिए होती है। इसमें कोई भी सार्वजनिक, धार्मिक कार्य कर सकता है। इससे खफा ताला लगाने वाला युवक पुलिस से शिकायत करने पहुंचा। पुलिस ने भी यही बात रखी कि धर्मशाला सबके लिए होती है। अगर यह उनकी व्यक्तिगत है तो दस्तावेज दिखाएं। इस पर शिकायतकर्ता बैकफुट पर आ गया।
सभा सदस्य मंजीत मलिक, दीपू, रिंकू, विशाल, पंकज ने बताया कि विद्यानंद कॉलोनी में दादा भूमिया खेड़ा के पास कश्यप धर्मशाला है। इसका एक दरवाजा मंदिर की तरफ खुलता है। यहां धर्मशाला में अंजनी पुत्र बाल भक्त हनुमान सभा के 10 सदस्य और चार हनुमान स्वरूप बैठने के लिए परेशान थे। एक व्यक्ति ने इस पर ताला लगा दिया था। कॉलोनी के लोगों ने सोमवार को ताला तोड़ दिया। युवक ने इसकी शिकायत पुलिस से भी की। पुलिस ने समझाने के बाद मामला शांत करवाया।
इस बारे में एक्सईएन राहुल पूनिया ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है। विद्यानंद कॉलोनी में निगम की कोई धर्मशाला या सामुदायिक केंद्र होगा तो वह किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं हो सकता।