पानीपत। गांव पसीना खुर्द में सात अप्रैल को संदीप की गोली मारकर हत्या करने के एक और आरोपी चाचा महिपाल को गिरफ्तार कर लिया है। अब भी इस वारदात के पांच महिलाओं समेत नौ आरोपी फरार हैं। पुलिस ने आरोपी चाचा महिपाल को शनिवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। मृतक संदीप के भाई रोशन ने पुलिस से जल्द सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
सेक्टर 29 पुलिस थाना प्रभारी मंजीत सिंह ने बताया की सात अप्रैल को गांव पसीना में रास्ते को लेकर रितिक व सोनू का झगड़ा हो गया था। ये दोनों ही संदीप पुत्र जनेश्वर के चचेरे भाई हैं। संदीप ने इनको झगड़ा न करने को कहा तो रीतिक ने ब्रह्मपाल, महिपाल, ओमपाल पुत्र हुकम सिंह, नरेश, प्रदीप, प्रवीन पुत्र रघबीर, सचिन पुत्र महिपाल, नीता पत्नी नरेश, उषा पत्नी ब्रह्मपाल, सरोज पत्नी महिपाल, पिंकी पत्नी ओमपाल के साथ मिलकर संदीप की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस वारदात में रोशन, सोनू व जसबीर पर भी गंडासियों से हमला किया गया था। पुलिस इस मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।