पानीपत। वीर भवन चुंगी निवासी युवक के साथ दो युवकों ने मिलकर मारपीट कर दी। दोबारा शिकायत देने या किसी अधिकारी से मिलने पर टांग तोड़ने की धमकी देकर आरोपी चले गए। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने डॉक्टर के खिलाफ डिप्टी सीएम को एक शिकायत दी थी, जिस संबंध में वह उपायुक्त से मिलने के लिए गया था। उनके कार्यालय के बाहर से आरोपी उसे अपने साथ ले गए और मारपीट की।
वीर भगन चुंगी निवासी हुक्म चंद ने बताया कि उन्होंने उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को डॉ. संजय के खिलाफ शिकायत दी थी। मामले में वह सोमवार को सुबह साढ़े नौ बजे उपायुक्त सुशील सारवान से मिलने के लिए गया था। वहां पर उपायुक्त नहीं मिले तो वह ऑफिस के बाहर उनका इंतजार कर रहा था। इसी बीच उसके पास एक युवक आया। युवक ने कहा- ‘‘मेरे साथ चलो, मैं तुम्हारा डॉ. संजय से मिलकर फैसला करवाता हूं।’’ वह उसे बातों में बहला-फुसला कर अपने साथ ले गया।
वह बात करते हुए चल रह रहे थे, जब वह शिवपुरी श्मशान घाट के पास पहुंचे तो वहां पर एक युवक खड़ा मिला। वह युवक पास आया और धमकी दी कि आज के पास डीसी से मिलने गया तो टांग तोड़ दूंगा। दोनों ने मिलकर उसे धमकी दी और उसके साथ मारपीट की। उसने बचाव के लिए शोर मचाया तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए बाइक पर बैठकर फरार हो गए।
युवक की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - इंस्पेक्टर सुनील कुमार, शहर थाना प्रभारी